फिट बनने के लिए न तो महंगे इक्विपमेंट की जरूरत होती है, न ही घर से बाहर जाने की और न ही बहुत अधिक रुपए खर्च करने की जरूरत होती है। इसी बात को सही साबित करने के लिए जय प्रकाश सिंह ने 2 विश्व रिकॉर्ड बनाने की कोशिश की।
भारतीय सेना में कार्यरत जय प्रकाश सिंह ने मैनुअल (अनमोटराइज्ड) ट्रेड मिल पर दो विश्व रिकॉर्ड बनाने की कोशिश की है - सबसे तेज पहला फुल मैराथन और दूसरा सबसे तेज 50 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने का।
समाचार एई समय से हुई खास बातचीत में जय प्रकाश सिंह ने बताया कि मैनुअल ट्रेड मिल पर विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए मैंने पिछले साल ही आवेदन किया था। जय प्रकाश बताते हैं कि वे दोनों विश्व रिकॉर्ड की पूरी रिकॉर्डिंग के साथ गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड में आवेदन करेंगे। उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए सबूतों की सत्यता की जांच करने के बाद गिनीज बुक प्रबंधन की ओर से उनको सर्टिफिकेट प्रदान करने का फैसला लिया जाएगा।
Jai Prakash Singh
विश्व रिकॉर्ड के लिए ट्रेड मिल को ही क्यों चुना?
भारतीय सेना में कार्यरत जय प्रकाश सिंह (1 ARMD DIV SIG REGT) का कहना है, "मैंने मैनुअल ट्रेड मिल पर इस विश्व रिकॉर्ड को बनाने की कोशिश। मैंने खासतौर पर उन महिलाओं को प्रेरित करने के लिए ही यह कोशिश की, जो हाल ही में मां बनी हैं।" जय प्रकाश का कहना है कि मां बनने के बाद महिलाओं के लिए घर से बाहर जाकर व्यायाम करना थोड़ा मुश्किल भरा काम होता है।
"मैं उन्हें यह संदेश देना चाहता हूं कि फिट होने के लिए आपको न तो बाहर जाने और न ही बहुत ज्यादा खर्च करने की जरूरत होती है। आप ग्रीन एनर्जी की मदद से (जैसा मैंने किया) घर में भी फिट हो सकती हैं। इसलिए मैंने मैनुअल ट्रेड मिल को चुना।"
Jai Prakash Singh
विश्व रिकॉर्ड बनाने की कोशिश तो कर ली लेकिन क्या सर्टिफिकेट मिलेगा?
अपने सर्टिफिकेशन को लेकर आश्वस्त जय प्रकाश सिंह का कहना है कि मुझे शत-प्रतिशत उम्मीद है कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट मुझे जरूर मिलेगा। मैंने उनके सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कोलकाता के एल्गिन रोड के कैम्प फिटनेस स्टूडियो में इस रिकॉर्ड को बनाने की कोशिश की है। इसलिए मैं अपने सर्टिफिकेट को लेकर पूरी तरह से आशांवित हूं। मैं जल्द ही सभी सबूतों के साथ सर्टिफिकेट के लिए आवेदन की प्रक्रिया को पूरी करूंगा।
कौन से रिकॉर्ड बनाने की हुई कोशिश?
सबसे तेज फुल मैराथन :-
कुल दूरी : 42.195 किलोमीटर
समय : लगभग 4 घंटा 52 मिनट
सबसे तेज 50 किलोमीटर :-
समय : लगभग 5 घंटा 52 मिनट