🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

स्वीडन दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिला कविगुरु की हस्तलिखित कविताओं का अनोखा उपहार

स्वीडन ने पीएम मोदी को भेंट की रवीन्द्रनाथ ठाकुर की दुर्लभ पांडुलिपियाँ, सांस्कृतिक कूटनीति का उदाहरण

स्टॉकहोम : कूटनीति के मंच पर साहित्यिक विरासत का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब स्वीडन की राजधानी में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कविगुरु रवीन्द्रनाथ ठाकुर की हस्तलिखित कविताओं की प्रतिकृतियाँ भेंट की गई। यह उपहार स्वीडन की ओर से सांस्कृतिक सम्मान और भारत–स्वीडन संबंधों की गहराई को दर्शाने वाले प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया। स्वीडिश अकादमी के पास लंबे समय तक कवि का कोई स्पष्ट पता नहीं था और ऐतिहासिक रूप से यह भी माना जाता है कि उन्हें शांतिनिकेतन के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं थी। अब स्थिति बदल चुकी है और शांतिनिकेतन की पहचान वैश्विक स्तर पर स्थापित हो चुकी है। इसी पृष्ठभूमि में प्रधानमंत्री मोदी को यह विशेष उपहार सौंपा गया।

स्वीडन की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टेरसन ने नील कोबाल्ट रंग के एक विशेष बॉक्स में संरक्षित रवीन्द्रनाथ ठाकुर की दो हस्तलिखित कविताओं की प्रतिकृतियाँ भेंट कीं। इन कविताओं को स्वीडन के राष्ट्रीय अभिलेखागार से प्राप्त किया गया था और बाद में उन्हें सुनहरे रंग की स्याही से सजाकर प्रस्तुत किया गया। जानकारी के अनुसार कविगुरु रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने के लिए स्वीडन यात्रा नहीं की थी लेकिन बाद में 1921 और 1926 में उन्होंने स्वीडन का दौरा किया था। उन्हीं दौरों के दौरान लिखी गई दो लघु कविताओं (एपिग्राम) की प्रतिकृतियाँ प्रधानमंत्री मोदी को दी गई। हालांकि स्वीडिश सरकार ने इन दोनों कविताओं की विषयवस्तु का आधिकारिक खुलासा नहीं किया।

सूत्रों के अनुसार इनमें से एक कविता बांग्ला भाषा में और दूसरी अंग्रेजी में लिखी गई है जिनका विषय पूर्व और पश्चिम के सांस्कृतिक मेल से जुड़ा बताया गया है। इन उपहारों के साथ 1921 में उप्साला विश्वविद्यालय में ली गई कविगुरु की एक दुर्लभ तस्वीर और कविताओं की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित एक व्याख्यात्मक नोट भी शामिल किया गया। इसके जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने कविगुरु रवीन्द्रनाथ ठाकुर की प्रसिद्ध कृति ‘गीतांजलि’ तथा उनकी संकलित रचनाओं का एक सेट स्वीडन के प्रधानमंत्री को भेंट किया। इसके साथ ही उन्होंने शांतिनिकेतन के कारीगरों द्वारा निर्मित एक हस्तनिर्मित बैग, लद्दाख की एक शॉल और उत्तर-पूर्व भारत का प्रसिद्ध लोकतक चाय भी उपहार स्वरूप प्रदान किया।

इस अवसर पर स्वीडन की क्राउन प्रिंसेस विक्टोरिया भी बैठक में उपस्थित थी जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश की प्रसिद्ध गोंड चित्रकला और एक पुस्तक भेंट की। बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टेरसन ने द्विपक्षीय वार्ता की। इसके बाद यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन और क्रिस्टेरसन के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि व्यापार, रक्षा, नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई है तथा जल्द ही दोनों देश तकनीक और एआई कॉरिडोर स्थापित करने की दिशा में काम करेंगे।

Articles you may like: