🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

फ्रांस में जेफ्री एपस्टीन केस की नई जांच, 10 महिलाओं ने लगाए गंभीर आरोप

एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज, फोन रिकॉर्ड और नामों की गहन जांच में जुटी फ्रांसीसी एजेंसियां

पेरिस : फ्रांस में यौन शोषण से जुड़े जघन्य मामलों के सिलसिले में अमेरिकी वित्तीय कारोबारी जेफ्री एपस्टीन के खिलाफ एक नया जांच अभियान शुरू किया गया है। इस मामले में 10 युवा महिलाओं ने आगे आकर आरोप लगाए है कि उनके साथ फ्रांस में भी यौन शोषण किया गया था। इन आरोपों के बाद फ्रांसीसी प्रशासन ने औपचारिक जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार यह जांच इस संभावना पर केंद्रित है कि जेफ्री एपस्टीन का नेटवर्क केवल अमेरिका तक सीमित नहीं था, बल्कि फ्रांस में भी सक्रिय था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या किसी फ्रांसीसी नागरिक ने इस पूरे नेटवर्क को सहयोग दिया था। इसी उद्देश्य से फरवरी में फ्रांस सरकार ने एक विशेष जांच दल का गठन किया था जिसके बाद पीड़ितों ने स्वयं आगे आकर संपर्क किया।

पेरिस के मुख्य सरकारी अभियोजक लॉर बेकुआ ने जानकारी दी कि फरवरी से अब तक लगभग 20 लोग जांचकर्ताओं से संपर्क कर चुके हैं। इनमें से कुछ मामलों की जानकारी पहले से थी लेकिन 10 नए शिकायतकर्ता सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से कुछ पीड़ित फ्रांस के नागरिक है लेकिन वर्तमान में विदेशों में रह रहे हैं।

फ्रांसीसी जांच एजेंसियां इस समय जेफ्री एपस्टीन से जुड़े फोन रिकॉर्ड, पता पुस्तिका, कंप्यूटर डेटा और अमेरिका में मौजूद विभिन्न दस्तावेजों में दर्ज नामों की गहन जांच कर रही हैं। इसका उद्देश्य फ्रांस से जुड़े किसी भी संपर्क या नेटवर्क की कड़ी को उजागर करना है। अधिकारियों ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसियों की भी मदद ली जाएगी। हालांकि अब तक किसी भी व्यक्ति से औपचारिक पूछताछ नहीं की गई है।

इस मामले में पहले भी कई नाम सामने आ चुके हैं। पूर्व मॉडल एजेंट जाँ-लुक ब्रुनेल पर आरोप है कि वह जेफ्री एपस्टीन के लिए नाबालिग और युवा लड़कियों की व्यवस्था करता था। 2022 में जेल के भीतर उसकी मौत हो गई थी। इसके अलावा एक प्रसिद्ध मॉडलिंग एजेंसी के पूर्व प्रमुख जेराल्ड मैरी पर भी यौन शोषण और मानव तस्करी से जुड़े मामलों की जांच चल रही है, हालांकि उन्होंने सभी आरोपों से इनकार किया है। फ्रांस के पूर्व संस्कृति मंत्री जैक लैंग का नाम भी एपस्टीन फाइल्स में सामने आया था, जिसे उन्होंने भी खारिज कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि जेफ्री एपस्टीन पर यौन उत्पीड़न, बलात्कार और नाबालिगों की तस्करी सहित कई गंभीर आरोप लगे थे। लगभग 40 महिलाओं ने सार्वजनिक रूप से उनके खिलाफ यौन शोषण की शिकायतें दर्ज कराई थीं। बाद में उन्हें दोषी ठहराया गया और 45 साल की सजा सुनाई गई थी। हालांकि 2019 में जेल के भीतर उनकी मौत हो गई। उनसे जुड़े व्यापक नेटवर्क और प्रभावशाली लोगों के नामों को लेकर पहले भी कई दावे सामने आ चुके हैं। इनमें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, पॉप स्टार माइकल जैक्सन और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सहित कई बड़े नामों का उल्लेख मिलता रहा है, हालांकि इन दावों की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।

Articles you may like: