नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमत में आज शुरुआती कारोबार में गिरावट आई है। एमसीएक्स पर चांदी करीब 7,000 रुपये की गिरावट आई जबकि सोना 1,000 रुपये सस्ता हो गया। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमत में तेजी आई है। इससे महंगाई बढ़ने और ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम हो गई है। इस कारण सोने और चांदी की कीमत में गिरावट आई है।
एमसीएक्स पर जुलाई डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,71,886 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी। आज यह 2,67,400. रुपये पर खुली और शुरुआती कारोबार में 6,937 रुपये की गिरावट के साथ 2,64,949 रुपये तक आई। सुबह 10.10 बजे यह 153 रुपये की तेजी के साथ 2,72,039 रुपये पर ट्रेड कर रही थी। इसी तरह 5 जून की डिलीवरी वाला सोना भी शुरुआती कारोबार में 1,000 रुपये की गिरावट के साथ 1,57,547 रुपये तक गिरा। 10.15 बजे यह 19 रुपये की तेजी के साथ 1,58,566 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
सर्राफा बाजार का हाल
सर्राफा बाजार में भी सोने की कीमत में गिरावट आई है जबकि चांदी तेजी के साथ ट्रेड कर रही है। गुड रिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट वाला सोना 710 रुपये की गिरावट के साथ 1,56,220 रुपये पर आ गया। इसी तरह 22 कैरेट वाला गोल्ड 650 रुपये की गिरावट के साथ 1,43,200 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। 18 कैरेट वाला गोल्ड 530 रुपये की गिरावट के साथ 1,17,170 रुपये पर था। चांदी 10,000 रुपये की तेजी के साथ 2,90,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स ?
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, बीते सत्र में बाजार बंद होने तक राष्ट्रीय राजधानी में चांदी की कीमत 21,600 रुपये यानी 7.3 फीसदी लुढ़की थी। यह टूटकर 2,75,000 रुपये प्रति किलो (सभी टैक्स समेत) रह गई। इसी तरह 24-कैरेट वाले सोने के दाम 3,200 रुपये यानी 1.93 फीसदी टूटे थे। ये टूटकर 1,62,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गए थे। गुरुवार को बाजार बंद होने के समय इसकी कीमत 1,66,000 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, 'शुक्रवार को कीमती धातुओं पर भारी बिकवाली का दबाव रहा था। महंगाई को लेकर लगातार बढ़ती चिंताओें ने सख्त मौद्रिक नीति की जरूरत को और मजबूत किया है।' उन्होंने कहा कि इस नजरिए ने निवेशकों को डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड की ओर धकेला, जिससे सोने का आकर्षण कम हो गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की चाल
एलकेपी सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी एंड करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा, 'सोने की कीमतों पर दबाव दिखा क्योंकि कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और डॉलर सूचकांक के मजबूत होने के कारण सोने में तेज गिरावट आई। इससे सर्राफा बाजार की कारोबारी धारणा कमजोर हुई।' उन्होंने कहा कि कीमती धातुओं की कीमतों में पिछले कुछ सत्रों के दौरान देखी गई तेज बढ़त और ऊंचे स्तरों के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली भी की।