🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

चीन में 5.2 तीव्रता का भूकंप, चीन के गुआंगशी में तबाही और 2 की मौत

लिउझोउ शहर के पास केंद्र, भूकंप के बाद रेलवे और आधारभूत ढांचे की जांच शुरू

बीजिंग : चीन में सोमवार सुबह एक जोरदार भूकंप आने से बड़ा नुकसान और जनहानि की आशंका जताई जा रही है। दक्षिण-पश्चिम चीन में आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.2 मापी गई है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा है और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अब तक इस भूकंप में कम से कम दो लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। चीन की सरकारी प्रशासनिक जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र गुआंगशी क्षेत्र के लिउझोउ शहर के पास था। तेज झटकों के कारण कम से कम 13 घर ढह गए हैं। प्रशासन और बचाव दल यह जांच कर रहे हैं कि कहीं मलबे के नीचे और लोग तो नहीं दबे हुए हैं। इसके लिए बड़े पैमाने पर तलाशी और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक दो लोगों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है। इसके अलावा एक व्यक्ति अभी लापता बताया जा रहा है। चार लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। भूकंप के झटके महसूस होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए। प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार लगभग 7000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है।

भूकंप के कारण रेलवे सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है। रेलवे लाइन और अन्य आधारभूत संरचनाओं की सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि प्रशासन की ओर से बताया गया है कि बिजली, संचार व्यवस्था, पानी और गैस आपूर्ति फिलहाल सामान्य रूप से जारी है। यह उल्लेखनीय है कि चीन का दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र भूकंप के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। इससे पहले भी इस इलाके में कई विनाशकारी भूकंप आ चुके है जिनमें भारी नुकसान हुआ था। इसी कारण इस नए भूकंप के बाद स्थानीय लोगों में चिंता और दहशत का माहौल फिर से बढ़ गया है।

Articles you may like: