मेलबर्न : विमान सेवा क्वांटास एयरवेज़ की मेलबर्न से डलास जा रही एक उड़ान में बीच हवा में बड़ा हंगामा होने की घटना सामने आई है। यह घटना उड़ान संख्या QF21 में हुई, जो ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से अमेरिका के डलास के लिए लगभग 18 घंटे की लंबी यात्रा पर थी। घटना के समय विमान को गंतव्य तक पहुंचने में लगभग 11 घंटे का समय और बचा हुआ था।
रिपोर्ट के अनुसार एक यात्री ने उड़ान के दौरान अभद्र व्यवहार किया और एक केबिन क्रू सदस्य के साथ विवाद के दौरान कथित तौर पर उनके हाथ में काट लिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि विमान को अपने तय रास्ते से मोड़कर फ्रांसीसी क्षेत्र के तहत आने वाले ताहिती के राजधानी शहर पापीते में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी।
इस पूरी घटना का वीडियो बाद में सामने आया जिसे उसी विमान में मौजूद स्टैंड-अप कॉमेडियन माइकल गोल्डस्टीन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि संबंधित यात्री नशे की हालत में शौचालय से बाहर आता है और केबिन क्रू सदस्य के साथ बहस करने लगता है तथा अशोभनीय भाषा का उपयोग करता है।
वीडियो में केबिन क्रू सदस्य यात्री को समझाते हुए कहते है कि “सभ्य तरीके से बात करें, यहां बच्चे भी मौजूद है आपको अपना व्यवहार नियंत्रित करना चाहिए।” इसके बावजूद यात्री असंगत और आक्रामक व्यवहार करता रहता है और सिगरेट पीने की मांग करता है। स्थिति बिगड़ने पर क्रू ने उसे चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर उसे नियंत्रित करने के लिए बांधा भी जा सकता है। इसके बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
अंततः विमान को ताहिती में उतारा गया, जहां स्थानीय पुलिस ने संबंधित यात्री को गिरफ्तार कर लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार क्वांटास एयरवेज समूह ने उस यात्री पर अपने सभी विमानों में यात्रा करने पर स्थायी प्रतिबंध लगा दिया है।कंपनी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि यात्रियों और केबिन क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और उड़ानों में किसी भी प्रकार के अव्यवस्थित व्यवहार के प्रति उनकी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है। यह भी बताया गया कि पिछले महीने भी इसी एयरलाइन की एक अन्य उड़ान में इसी तरह की घटना के बाद एक यात्री के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। हालांकि अभी तक काटने की घटना का अलग से कोई अतिरिक्त वीडियो सार्वजनिक नहीं किया गया है।