🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

काले ह‍िरण श‍िकार केस में सलमान खान के वकील ने हाई कोर्ट से मांगा समय, 13 जुलाई को होगी सुनवाई

सलमान खान ने काले ह‍िरण श‍िकार केस में हुए 5 साल की सजा के ख‍िलाफ जोधपुर हाई कोर्ट में अपील की है। ज‍िसकी आज सुनवाई हुई।

By लखन भारती

May 18, 2026 14:49 IST

जयपुरः जोधपुर के बहुचर्चित कांकाणी काला हिरण शिकार मामले में सोमवार को राजस्थान हाई कोर्ट में एक बार फिर हलचल देखने को मिली। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान समेत अन्य फिल्मी सितारों से जुड़े इस चर्चित केस की सुनवाई न्यायाधीश रेखा बोराणा की अदालत में हुई।

कोर्ट से तैयारी के लिए मांगा समय

सुनवाई के दौरान सलमान खान और अन्य कलाकारों सैफ अली खान, तब्बू नाज, नीलम कोठारी और सोनाली बेंद्रे की ओर से पेश अधिवक्ताओं ने अदालत से अतिरिक्त समय मांगा है। बचाव पक्ष का कहना था कि मामले से जुड़े कुछ दस्तावेजों, तथ्यों का और अध्ययन किया जाना बाकी है, इसलिए उन्हें तैयारी के लिए समय दिया जाए।

कोर्ट ने 13 जुलाई का दिया समय

राज्य सरकार की अपील और सलमान खान की सजा के खिलाफ दायर अपील पर सुनवाई होनी थी। अधिवक्ता महिपाल बिश्नोई ने बताया कि दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 13 जुलाई को तय की है।

काला हिरण शिकार का मामला

साल 1998 में फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान जोधपुर के कांकाणी गांव में काला हिरण शिकार का मामला सामने आया था। यह केस देश भर में चर्चा का विषय बना और वर्षों से अदालत में इसकी सुनवाई जारी है। अब एक बार फिर इस हाई प्रोफाइल केस पर सबकी निगाहें 13 जुलाई की सुनवाई पर टिक गई हैं, जहां मामले में आगे की कानूनी बहस देखने को मिल सकती है।

Articles you may like: