पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार का गठन हो चुका है। हालांकि अभी तक पूर्ण मंत्रिमंडल का गठन नहीं हुआ है लेकिन 5 भाजपा विधायकों को मंत्रीपद सौंप दिया जा चुका है। राज्य के नए क्रीड़ा व युवा कल्याण मंत्री निशिथ प्रमाणिक (Nishith Pramanik) बनाएं गए हैं।
रविवार (17 मई) को ISL में कोलकाता डर्बी देखने के लिए वह पहुंचे थे। उनके साथ भाजपा विधायक तापस राय, AIFF अध्यक्ष कल्याण चौबे भी मौजूद थे। मैच के बाद मैदान से बाहर निकलकर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने एक बड़ी घोषणा की।
मंत्री निशिथ प्रमाणिक ने कहा कि युवाभारती स्टेडियम के सामने मौजूद मूर्ति को परिवर्तित किया जाएगा।
अद्भुत और अजीब सी मूर्ति
मैदान से बाहर निकलकर मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा कि एकदम अद्भुत और अजीब सी मूर्ति, एक कटे हुए पैर पर बस फुटबॉल बैठा दिया गया है। मुझे तो लगता है कि इस मूर्ति को लगाने के बाद से ही पहले वाली सरकार के खराब दिन शुरू हो गए थे। इसके बाद मेसी कांड हुआ और सरकार ही चली गयी। एक ऐसी प्रतिमा जिसका कोई अर्थ नहीं है, मैं इसे परिवर्तित करूंगा।
Read Also | ‘चिकन्स नेक’ की सुरक्षा बढ़ाने के लिए 6 सड़कों की देखरेख की जिम्मेदारी NHAI और NHIDCL को सौंपी गयी, कौन-कौन?
सिर्फ मूर्ति ही नहीं बल्कि उन्होंने मेसी कांड को लेकर भी सवाल उठाया। लियोनेल मेसी के भारत दौरे की शुरुआत कोलकाता से ही हुई थी। वह 13 दिसंबर 2025 को कोलकाता आए थे लेकिन उसके बाद ही यहां गड़बड़ियां हुई। इसकी वजह से मेसी निर्धारित समय से पहले ही स्टेडियम से बाहर निकल गए।
हजारों रुपयों का टिकट खरीदकर स्टेडियम में पहुंचे फैंस जब मेसी को नहीं देख पाए तो वे भड़क उठे। स्टेडियम में तोड़फोड़ की गयी। इस मामले में आयोजक शतद्रु दत्त को गिरफ्तार भी किया गया था। इसके बाद राज्य पुलिस के DG राजीव कुमार और ADG (कानून) जावेद शमीम ने कहा था कि जिन लोगों ने टिकट खरीदा था उन्हें रुपया वापस लौटाया जाएगा। हालांकि बाद में इस मामले में कुछ भी नहीं कहा गया।
फिर से खुलेगी मेसी कांड की फाइल
अब इस मुद्दे को उठाते हुए मंत्री निशिथ प्रमाणिक ने कहा कि हमने एजेंसी से कह दिया है कि जो आम दर्शक रुपया खर्च करने के बावजूद मेसी को नहीं देख पाए थे, उनका रुपया वापस लौटाना होगा। अगर उनका रुपया वापस नहीं लौटाया गया तो हम कठोर कदम उठाएंगे।
वहीं दूसरी तरफ उन्होंने आयोजकों की भूमिका पर भी अपनी नाराजगी जतायी। उन्होंने कहा कि मेसी के दौरे पर फेडरेशन के अध्यक्ष को नहीं बुलाया गया था। पूरे मामले की जांच की जाएगी और मेसी कांड की दोबारा फाइल खुलेगी।