वॉशिंगटन डी.सी. : अमेरिका के इडाहो प्रांत स्थित माउंटेन होम एयर फोर्स बेस में आयोजित एक एयर शो के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। यह घटना रविवार को उस समय हुई जब अमेरिकी वायुसेना के अत्याधुनिक F/A-18 लड़ाकू विमान प्रदर्शन के दौरान हवा में करतब दिखा रहे थे। बताया जा रहा है कि यह शो लगभग आठ वर्षों बाद ‘गनफाइटर स्काईज एयर शो’ के नाम से आयोजित किया गया था जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार एयर शो के दौरान EA-18G इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर जेट, जो F/A-18 का ही उन्नत संस्करण माना जाता है दो पायलटों द्वारा उड़ाया जा रहा था। उड़ान के दौरान विमान बेहद करीब से एक-दूसरे के पास करतब दिखा रहे थे कभी नीचे से ऊपर की ओर तेजी से जाते, तो कभी अचानक नीचे की ओर गोता लगाते हुए प्रदर्शन कर रहे थे। दर्शक इस रोमांचक प्रदर्शन पर तालियां बजा रहे थे।
लेकिन दोपहर के समय स्थिति अचानक बदल गई। हवा में करतब दिखाने के दौरान दोनों लड़ाकू विमान अत्यधिक नजदीक आ गए और अचानक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि जोरदार विस्फोट हुआ और आसमान में आग का गोला दिखाई दिया। कुछ ही क्षणों में काला धुआं पूरे क्षेत्र में फैल गया और विमान के टुकड़े चारों ओर बिखर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट के कुछ ही मिनटों के भीतर चार पैराशूट आसमान से नीचे उतरते दिखाई दिए जिससे यह संकेत मिला कि पायलट और क्रू सदस्य समय रहते विमान से बाहर निकलने में सफल रहे। जानकारी के अनुसार सभी पायलट और क्रू सदस्य सुरक्षित रूप से इजेक्ट कर चुके हैं।
अमेरिकी सेना के सूत्रों ने बताया कि दोनों विमान एयर बेस से लगभग दो मील की दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त हुए। हादसे के तुरंत बाद बचाव दल मौके पर पहुंच गया और राहत कार्य शुरू कर दिया गया। माउंटेन होम एयर फोर्स बेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि बचाव दल अभी भी घटनास्थल पर मौजूद है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि जैसे ही अधिक जानकारी उपलब्ध होगी उसे सार्वजनिक किया जाएगा।
हादसे के बाद माउंटेन होम एयर फोर्स बेस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। साथ ही ‘गनफाइटर स्काईज एयर शो’ के बाकी सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। हालांकि पायलट और क्रू की वर्तमान शारीरिक स्थिति के बारे में अभी तक आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब इस एयर बेस पर हादसा हुआ हो। वर्ष 2018 में भी इसी बेस पर एक कार्यक्रम के दौरान रनवे पर हैंग ग्लाइडर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें पायलट की मौत हो गई थी। वहीं वर्ष 2023 में भी एक थंडरबर्ड्स जेट दुर्घटनाग्रस्त हुआ था हालांकि उस समय पायलट सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा था।