कोलकाता/मुजफ्फरनगर: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को अहम सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से राजकुमार सिंह उर्फ राज सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। वह इस चर्चित हत्याकांड में प्रमुख आरोपियों में शामिल बताया जा रहा है।
सीबीआई और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-58 स्थित छपार टोल प्लाजा के पास विशेष अभियान चलाकर आरोपी को दबोचा। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी हरिद्वार से बस के जरिए दिल्ली भागने की कोशिश कर रहा था। उसकी गतिविधियों की पहले से निगरानी की जा रही थी और सटीक सूचना मिलने के बाद हाईवे पर घेराबंदी कर गिरफ्तारी की गई।
सूत्रों के अनुसार, राजकुमार सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रसड़ा रतौपुर सांवरा इलाके का निवासी है। हत्या की घटना के बाद से उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर रखा था और लगातार ठिकाने बदल रहा था ताकि जांच एजेंसियों की पकड़ से बच सके।
यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के दो दिन बाद, 6 मई को मध्यमग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद राज्य सरकार के अनुरोध पर जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंपा गया था।
जांच एजेंसी इससे पहले ठाकुर राज सिंह नामक एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर चुकी है। अब सीबीआई उत्तर प्रदेश के बलिया समेत कई इलाकों में अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
अधिकारियों का मानना है कि हालिया गिरफ्तारी से हत्या की साजिश, आरोपियों के नेटवर्क और घटना के पीछे की पूरी योजना को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे।