प्रतिदिन नियमित रूप से सनस्क्रीन लगाने के बावजूद कई महिलाओं की शिकायत करते हैं कि उनकी त्वचा धीरे-धीरे काली हो रही है। विशेषज्ञों के अनुसार इसके पीछे सनस्क्रीन के काम न करने से ज्यादा बड़ा कारण इसका गलत तरीके से इस्तेमाल हो सकता है।
सिर्फ सनस्क्रीन लगाना ही काफी नहीं है बल्कि उसे सही तरीके से और सही मात्रा में लगाना भी बेहद जरूरी है।
सही तरीके से इस्तेमाल न करने पर सनस्क्रीन लगाने के बावजूद होगी टैनिंग
कई बार चिपचिपाहट की डर से महिलाएं बहुत कम मात्रा में सनस्क्रीन लगाती हैं। चेहरे, गर्दन और कानों पर पर्याप्त मात्रा में सनस्क्रीन न लगाने पर यह सूरज की हानिकारक UVA और UVB किरणों से सही सुरक्षा नहीं दे पाता। इस कारण धूप में निकलते ही त्वचा पर टैन पड़ने लगता है और धीरे-धीरे त्वचा का रंग गहरा होने लगता है।
Read Also | गर्मियों में महिलाओं की त्वचा पर दिखते हैं दाग-धब्बे, क्या हॉर्मोनल बदलाव है इसका मुख्य कारण
सनस्क्रीन लगाने का समय भी बेहद महत्वपूर्ण है। घर से बाहर निकलने से ठीक पहले लगाने पर यह त्वचा पर सही तरीके से असर नहीं कर पाता। विशेषज्ञों का कहना है कि सनस्क्रीन घर से बाहर निकलने के कम से कम 15 से 20 मिनट पहले लगाना चाहिए ताकि यह त्वचा में अच्छे से समाकर सुरक्षा परत बना सके।
एक और बड़ी गलती यह है कि लोग एक बार सनस्क्रीन लगाकर पूरे दिन निश्चिंत हो जाते हैं। खासकर गर्मियों में पसीना, धूल और त्वचा का प्राकृतिक तेल सनस्क्रीन के असर को कम कर देता है। इसलिए हर 2-3 घंटे में इसे दोबारा लगाना जरूरी है। अगर आप बाहर ज्यादा समय बिताते हैं या ज्यादा पसीना आता है तो इसे और जल्दी री-अप्लाई करना चाहिए।
कुछ बातें जिनका जरूर रखें ख्याल
कई बार बारिश के दिनों में या घर में रहने पर महिलाएं सनस्क्रीन नहीं लगाती हैं। लेकिन यह गलत धारणा है। सूरज की हानिकारक किरणें बादलों और कांच के पार भी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं। यहां तक कि मोबाइल और लैपटॉप की ब्लू लाइट भी लंबे समय में त्वचा पर असर डाल सकती है। इसलिए घर के अंदर भी हल्के SPF वाला सनस्क्रीन का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है।
Read Also | Ebola Outbreak : ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित, क्या है इबोला वायरस? क्या है लक्षण और कैसे करें बचाव?
त्वचा के प्रकार के अनुसार सही सनस्क्रीन चुनना भी बहुत महत्वपूर्ण है। ऑयली स्किन के लिए जेल-बेस्ड सनस्क्रीन बेहतर होता है जबकि ड्राई स्किन के लिए मॉइश्चराइजिंग सनस्क्रीन ज्यादा उपयुक्त होता है। गलत प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से मुंहासे, रैशेज या त्वचा में जलन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
क्या करें?
घर से बाहर निकलने से कम से कम 20 मिनट पहले सनस्क्रीन जरूर लगाएं। SPF 30 या उससे अधिक वाला सनस्क्रीन ही लगाएं। इसे हर 2-3 घंटे में दोबारा लगाना जरूरी है। चेहरे के साथ-साथ गर्दन, कान और हाथों पर भी सनस्क्रीन लगाना न भूलें।
धूप में निकलते समय छाता, सनग्लास और पूरी आस्तीन के कपड़ों का उपयोग करें। इसके अलावा त्वचा के प्रकार के अनुसार सही सनस्क्रीन चुनना और पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।