🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

क्या भारत को शर्मिंदा करने के लिए ही नॉर्वे की पत्रकार ने PM मोदी से पूछा सवाल? क्या Plant की गयी थी पत्रकार?

सवाल उठ रहा है कि क्या अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को शर्मिंदा करने के लिए हेले लिंग को खासतौर पर वहां भेजा यानी 'Plant' किया गया था?

By Kaushik Bhattacharya, Moumita Bhattacharya

May 19, 2026 23:39 IST

नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोर और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी-अभी एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे बढ़कर नॉर्वे के प्रधानमंत्री स्टोर से हाथ मिलाया और वह धीरे-धीरे मुड़कर हॉल से बाहर निकलने लगे। लेकिन तभी...

ऑडियंस में बैठी एक महिला पत्रकार की तेज आवाज गूंजी - क्या आप दुनिया के सबसे स्वतंत्र मीडिया से कोई सवाल नहीं लेंगे? यह सवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा गया था। हालांकि पीएम मोदी न तो एक पल के लिए भी ठिठके और न ही वह झिझके।

इससे यह स्पष्ट भी नहीं हो पाया कि उन्होंने उक्त महिला पत्रकार का सवाल सुना भी था अथवा नहीं। वह अपनी सामान्य गति से हॉल से बाहर निकल गए। लेकिन इसके बाद जो विवाद शुरू हुआ, उसके बारे में शायद किसी ने भी नहीं सोचा होगा।

इस घटना के बाद से ही दुनिया भर में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर वह महिला पत्रकार कौन हैं? अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनका नाम हेले लिंग है। ‘माक रैक’ प्रोफाइल के अनुसार उन्होंने नॉर्वे के कई प्रकाशनों और MSN के लिए फ्रीलांसर के तौर पर काम किया है।

Read Also | नॉर्वे में पत्रकार के सवाल को PM मोदी के टालने पर विवाद, विदेश मंत्रालय की सलाह - ‘अदालत जाएं’

वर्तमान में वह ओस्लो के समाचार पत्र ‘दागसाविसेन’ में कार्यरत हैं। हेले लिंग मुख्य रूप से समसामयिक राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर लिखती हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों के विश्लेषण के साथ-साथ वह एक कॉलमनिस्ट भी हैं।

हालांकि दिलचस्प बात यह है कि ‘दागसाविसेन’ अखबार का प्रसार संख्या 14 हजार से भी कम है और यह नॉर्वे के शीर्ष 10 मीडिया संस्थानों के आसपास भी नहीं आता है।

मोदी से सवाल पूछने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए हेले लिंग ने लिखा कि नरेंद्र मोदी ने मेरा सवाल नहीं सुना। मुझे इसकी उम्मीद भी नहीं थी। दुनिया के प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में नॉर्वे पहले स्थान पर है जबकि भारत 157वें स्थान पर। बस फिर क्या था, इस बयान ने विवाद को और हवा दे दी। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधना शुरू कर दिया।

हेले ने तीखे अंदाज में सवाल किया कि हम आपको क्यों भरोसा करें? क्या आप यह वादा कर सकते हैं कि आपके देश में जो मानवाधिकार उल्लंघन हो रहे हैं, वे बंद होंगे? इस पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सिबी जॉर्ज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ NGO की रिपोर्ट पढ़कर कई लोग सवाल पूछने चले आते हैं। अगर ऐसे आरोप हैं, तो अदालत जाएं।

Read Also | भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन: पीएम मोदी ने ग्रीन टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप की घोषणा की

इतना सुनते ही हेले लिंग बीच में वॉकआउट कर गईं। हालांकि कुछ देर बाद वह फिर लौट आईं और हाथ-पैर हिलाते हुए जोर-जोर से बोलने लगीं। पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। इसके बाद से सोशल मीडिया पर उन्हें भी तीखी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। लोग अब उनके पुराने बयानों और लेखों को भी खंगाल रहे हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के अनुसार हेले लिंग को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) का समर्थक भी बताया जा रहा है। उन्होंने बीजिंग की नीतियों की तारीफ में कई कॉलम भी लिखे हैं। वहीं वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की तीखी आलोचक हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने एक लेख का शीर्षक तक “F*** You Trump” रखा था।

इसके अलावा एलॉन मस्क (Elon Musk) के खिलाफ भी उन्होंने कई आलोचनात्मक लेख लिखे हैं। कई लोगों ने यह दावा किया है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को शर्मिंदा करने के लिए हेले लिंग को खासतौर पर वहां भेजा यानी 'Plant' किया गया था।

कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने तो उन्हें 'जासूस' और 'चीन की प्रॉक्सी' तक कहा है। हालांकि हेले लिंग लगातार इन आरोपों का जवाब दे रही हैं। उन्होंने साफ शब्दों में लिखा है कि मैं कोई जासूस नहीं हूं। किसी विदेशी सरकार ने मुझे नहीं भेजा है। मेरा एकमात्र काम पत्रकारिता करना है।

Read Also | प्रेस की स्वतंत्रता और अल्पसंख्यकों पर टिप्पणी के बाद भारत-नीदरलैंड्स के बीच बढ़ी बहस

इस बीच यह भी चर्चा में है कि प्रधानमंत्री मोदी के नॉर्वे दौरे से ठीक पहले उनका X अकाउंट वेरिफाइड हुआ। इससे पहले उन्होंने आखिरी पोस्ट 10 अप्रैल 2024 को किया था। वह पोस्ट युवाओं में कोकीन की लत से जुड़ा था जिसे ज्यादा प्रतिक्रिया भी नहीं मिली थी।

हेले ने खुद कहा है कि वह सामान्य तौर पर फेसबुक, इंस्टाग्राम और टिकटॉक पर ज्यादा सक्रिय रहती हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने हेले लिंग को याद दिलाया कि यह कार्यक्रम नॉर्वे और भारत के प्रधानमंत्रियों की संयुक्त ब्रीफिंग थी न कि कोई औपचारिक संवाददाता सम्मेलन।

हालांकि हेले लिंग रुकने वाली नहीं दिख रहीं। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से इंटरव्यू देने की अपील करते हुए एक पोस्ट किया। हालांकि राहुल गांधी की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। इस पूरे विवाद के बीच हेले लिंग अचानक सुर्खियों में आ गई हैं। सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स तेजी से बढ़ रहे हैं।

Articles you may like: