भारतीय मूल के तुषार कुमार को लंदन के एल्सट्री और बोरहैमवुड टाउन काउंसिल के मेयर के रूप में चुना गया है। इसके साथ ही उन्होंने अपना और अपने देश का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज करवा लिया है। तुषार कुमार ने वहां का युवा मेयर बनकर इतिहास रच दिया है।
मूल रूप से हरियाणा के रोहतक के रहने वाले तुषार जब 10 साल के थे, तभी अपने माता-पिता के साथ वह ब्रिटेन (UK) चले गए थे। उनके माता-पिता शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।
इससे पहले तुषार ने महज 20 साल की उम्र में ही वहां सबसे युवा भारतीय मूल का काउंसलर बनने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। इसके महज 3 सालों बाद ही, मात्र 23 साल की उम्र में वह सबसे युवा भारतीय मूल के मेयर बने हैं।
मिली जानकारी के अनुसार तुषार ने लेबर पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने प्रतिपक्ष यानी कंजरवेटिव पार्टी के उम्मीदवार को सिर्फ 1 वोट के अंतर से हराया।
Read Also | अफगानिस्तान में बाल विवाह नियमों पर विवाद, नए कानून से बढ़ सकती है समस्या
तुषार को कुल 832 वोट मिले। जिस सीट से तुषार ने जीत हासिल की है वह पिछले तीन दशकों से कंजरवेटिव पार्टी के कब्जे में थी।
मेयर चुने जाने के बाद तुषार कुमार ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों के साथ खड़ा रहना होगा। साथ ही उन्होंने विभिन्न संगठनों और स्थानीय समुदायों की मदद करने का भी आश्वासन दिया।
बता दें, साल 2023 में तुषार कुमार को पहली बार एल्सट्री और बोरहैमवुड टाउन काउंसिल का काउंसलर चुना गया था। उस समय वे लंदन के किंग्स कॉलेज में पॉलिटिकल साइंस के दूसरे वर्ष के छात्र थे। वर्तमान में तुषार ने अपनी स्नातक पढ़ाई पूरी कर ली है और वह ब्रिटेन की एक संस्था में नौकरी कर रहे हैं। उनके पास पांच ‘A-लेवल’ और 21 ‘GCSE’ डिग्रियां हैं। तुषार आगे मास्टर्स भी करना चाहते हैं।
Read Also | अबू धाबी के परमाणु ऊर्जा केंद्र पर हमला, पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव
संभावना है कि वे इस साल सितंबर में UCL यूनिवर्सिटी में पॉलिटिकल इकोनॉमी विभाग में दाखिला ले सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह उच्च शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ मेयर की जिम्मेदारियों को भी समान रूप से निभाएंगे। तुषार अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा अपनी मां परवीन रानी को मानते हैं।
उनकी मां भी ब्रिटेन के हार्टसमेयर बोरो काउंसिल का चुनाव जीत चुकी हैं और डिप्टी मेयर के पद पर भी चुनी गई थीं। हालांकि, भारत में उनके परिवार का कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं रही है। तुषार वहां के युवाओं को जनसेवा के कार्यों के लिए प्रेरित करना चाहते हैं। विदेश में रहने के बावजूद उन्होंने अपनी संस्कृति और परंपराओं को नहीं छोड़ा है। एल्सट्री और बोरहैमवुड टाउन काउंसिल में तुषार हर साल दीपावली का आयोजन भी करते हैं।