🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

भारत में सर्फिंग को मिलेगा बड़ा मंच, मंगलुरु में होगा इंडियन ओपन ऑफ सर्फिंग 2026

एशियाई खेल 2026 की तैयारी में जुटे भारतीय सर्फरों के लिए अहम साबित होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता।

By शिखा सिंह

May 19, 2026 18:26 IST

मंगलुरु : एशियाई खेल 2026 की तैयारियों के बीच भारत में सर्फिंग खेल को बड़ा मंच मिलने जा रहा है। भारतीय सर्फिंग के इतिहास में पहली बार एशियाई खेलों में शामिल होने जा रहे खिलाड़ियों की तैयारियों को मजबूती देने के लिए सर्फिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने इंडियन ओपन ऑफ सर्फिंग 2026 के सातवें संस्करण की घोषणा कर दी है। यह प्रतियोगिता 29 मई से 31 मई तक कर्नाटक के मंगलुरु स्थित ब्लू बे तन्नीरभावी इको बीच पर आयोजित की जाएगी।

भारत में सर्फिंग और स्टैंड-अप पैडलिंग की आधिकारिक संचालन संस्था सर्फिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में इस प्रतियोगिता का आयोजन सर्फिंग स्वामी फाउंडेशन और मंत्रा सर्फ क्लब द्वारा किया जा रहा है। इंडियन ओपन ऑफ सर्फिंग 2026 को राष्ट्रीय सर्फिंग कैलेंडर की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में से एक माना जा रहा है और यह आगामी एशियाई खेलों की तैयारियों में अहम भूमिका निभाएगा।

आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता उन खिलाड़ियों के लिए बड़ा प्रतिस्पर्धात्मक मंच साबित होगी जो आइची-नागोया एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय दल में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

कर्नाटक सरकार लगातार सातवें वर्ष इस प्रतियोगिता को समर्थन दे रही है। प्रतियोगिता की शुरुआत से ही राज्य सरकार का सहयोग जारी है जो तटीय खेलों और सर्फिंग को बढ़ावा देने की उसकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

दक्षिण कन्नड़ के उपायुक्त और जिला दंडाधिकारी दर्शन एचवी ने प्रतियोगिता को लेकर कहा कि कर्नाटक धीरे-धीरे भारत में सर्फिंग और तटीय खेलों के प्रमुख केंद्रों में शामिल हो चुका है। एनएमपीए इंडियन ओपन ऑफ सर्फिंग क्षेत्र में खेल और पर्यटन दोनों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हमें ऐसे आयोजन का समर्थन करने पर खुशी है जो हमारे समुद्री तटों की खूबसूरती को दुनिया के सामने लाने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित करता है।

पिछले कुछ वर्षों में भारत में सर्फिंग सबसे तेजी से बढ़ने वाले खेलों में शामिल हो गया है। देश के विभिन्न तटीय इलाकों में इसकी लोकप्रियता और खिलाड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हाल ही में भारतीय सर्फिंग ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी हासिल की, जब पहली बार भारतीय खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों के लिए क्वालीफिकेशन कोटा हासिल किया।

भारतीय सर्फरों ने हाल के वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन किया है। एशियाई सर्फिंग चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है।

सर्फिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष राममोहन परांजपे ने कहा कि इस वर्ष का एनएमपीए इंडियन ओपन ऑफ सर्फिंग भारतीय सर्फिंग के लिए बेहद महत्वपूर्ण समय पर आयोजित हो रहा है। एशियाई खेल नजदीक हैं और ऐसे में हर राष्ट्रीय प्रतियोगिता हमारे खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों की तैयारी का अहम हिस्सा बन जाती है।

वर्षों के दौरान एनएमपीए इंडियन ओपन ऑफ सर्फिंग ने भारत की प्रमुख सर्फिंग प्रतियोगिताओं में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। यह प्रतियोगिता देश के सर्वश्रेष्ठ सर्फरों को आकर्षित करती है और साथ ही कर्नाटक को सर्फिंग तथा समुद्री पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद कर रही है।

अप्रैल में आयोजित उद्घाटन लिटिल अंडमान प्रो 2026 के बाद एनएमपीए इंडियन ओपन ऑफ सर्फिंग 2026 राष्ट्रीय चैंपियनशिप श्रृंखला का दूसरा चरण होगा। इस प्रतियोगिता में भारत के पूर्वी और पश्चिमी तटों के खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। यहां मिलने वाले महत्वपूर्ण रैंकिंग अंक सत्र के अंत में खिलाड़ियों की अंतिम स्थिति तय करेंगे।

सर्फिंग स्वामी फाउंडेशन के अध्यक्ष धनंजय शेट्टी ने कहा, “पिछले कुछ वर्षों में महाद्वीपीय स्तर पर भारतीय सर्फरों की प्रगति बेहद उत्साहजनक रही है। इस तरह की प्रतियोगिताएं मजबूत प्रतिस्पर्धात्मक व्यवस्था तैयार करने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस चैंपियनशिप में देशभर के शीर्ष सर्फरों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। खिलाड़ी विभिन्न वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेंगे और एक बार फिर भारत की प्रमुख सर्फिंग प्रतियोगिताओं में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

Articles you may like: