चोन्नई : क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बिग बैश लीग के इतिहास में बड़ा फैसला लेते हुए 2026-27 सत्र के पहले मुकाबले का आयोजन भारत में करने की तैयारी पूरी कर ली है। लंबे समय से चल रही चर्चाओं और संकेतों के बाद अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि बिग बैश लीग का उद्घाटन मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला इसी वर्ष दिसंबर महीने में आयोजित होने की संभावना है।
इस साल फरवरी में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने संकेत दिया था कि वह बिग बैश लीग के मुकाबलों के लिए चेन्नई के स्टेडियम पर विचार कर रहा है। इसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों ने कई बार चिदंबरम स्टेडियम का दौरा किया और विभिन्न स्तरों पर बैठकें कीं। एक रिपोर्ट के अनुसार तमिलनाडु क्रिकेट संघ और भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने चेन्नई में बिग बैश लीग का उद्घाटन मुकाबला आयोजित करने का निर्णय लिया।
18 मई सोमवार को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की पांच सदस्यीय टीम चेपॉक स्टेडियम पहुंची थी। वहां उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग के तहत चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला देखा। इस दौरान भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष मित्थुन मानहास ने टीम का मार्गदर्शन किया। लाइव मुकाबला देखने के बाद ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल को चेन्नई के दर्शकों और वहां के क्रिकेट माहौल का भी अंदाजा मिला।
क्रिकेट बोर्ड स्तर पर सहमति बनने के बाद अब दोनों देशों की सरकारी प्रक्रियाओं और औपचारिक चर्चाओं का इंतजार किया जा रहा है।
यात्रा और समय-सारणी सबसे बड़ी चुनौती
हालांकि इस ऐतिहासिक आयोजन के सामने सबसे बड़ी चुनौती यात्रा व्यवस्था और समय-सारणी को लेकर सामने आई है। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के किसी भी शहर से चेन्नई के लिए सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं है। केवल मेलबर्न से दिल्ली और सिडनी से बेंगलुरु तक सीधी उड़ानें संचालित होती हैं जिनमें लगभग 11 से 12 घंटे का समय लगता है।
अब कोशिश की जा रही है कि इन उड़ानों का मार्ग बदलकर चेन्नई में ठहराव की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही खिलाड़ियों के आराम और थकान का भी विशेष ध्यान रखना होगा। अगर ऑस्ट्रेलिया से सीधी उड़ान चेन्नई तक संचालित की जाती है तो यात्रा में लगभग 13 घंटे का समय लग सकता है। इतनी लंबी यात्रा के बाद खिलाड़ियों को समय क्षेत्र के अंतर और थकान की समस्या से जूझना पड़ सकता है। इसी वजह से प्रतियोगिता की समय-सारणी बेहद सोच-समझकर तैयार करनी होगी।
मैच के समय को लेकर भी बड़ी चुनौती
यात्रा के अलावा मुकाबलों के समय को लेकर भी आयोजकों के सामने अलग चुनौती मौजूद है। आमतौर पर बिग बैश लीग के मुकाबले ऑस्ट्रेलियाई समयानुसार दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे के बीच खेले जाते हैं। अगर उसी समय के अनुसार भारत में मुकाबले आयोजित किए जाते हैं तो स्थानीय दर्शकों की संख्या प्रभावित हो सकती है।
दरअसल ऑस्ट्रेलिया में दोपहर 1 बजे का समय भारत में सुबह लगभग 5 बजे के बराबर होता है। ऐसे में भारतीय दर्शकों की सुविधा और प्रसारण व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मैच के समय में बदलाव करने पर विचार किया जा रहा है। आयोजकों को अब ऐसा समय तय करना होगा, जिससे भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों देशों के दर्शकों को फायदा मिल सके।