चेहरे पर स्प्रे कर पहले वृद्धा को बेहोश किया। उसके बाद रसोई घर में घुसकर फ्रिज से दूध निकाला और उसमें मीठा आम-पापड़ मिलाकर पहले पेट-पूजा की। इसके बाद घर में रखे लाखों के गहने और लाखों रुपए चोरी की सनसनीखेज वारदात को दिया अंजाम। रसोईघर के टेबल पर बिखरे पड़े सामग्रियों को देखकर पुलिस ने कुछ ऐसा ही अंदाजा लगाया है।
घटना रविवार की देर रात को इंग्लिशबाजार नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 के शरतपल्ली की बतायी जाती है। बताया जाता है कि इस घटना को अंजाम देने में चोरों ने कई घंटों का समय भले ही लगाया था लेकिन इसकी भनक सोमवार की सुबह कृष्ण मिश्र (50) को लगी।
उनकी चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए और इंग्लिशबाजार थाना की पुलिस को खबर दी गयी। बताया जाता है कि कृष्णा मिश्रा के पति सुभाष मिश्र सरकारी हाई स्कूल के शिक्षक थे।
Read Also | हावड़ा में अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई, छह मंजिला इमारत पर चला बुलडोजर
उनकी मृत्यु के बाद शरतपल्ली इलाके में दो मंजिला मकान में वृद्धा अकेली ही रहती हैं। उनकी 4 बेटियां हैं और सभी की शादी हो चुकी हैं। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि घर में अकेली वृद्धा के होने का फायदा उठाकर ही इस चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है।
मीडिया से बात करते हुए वृद्धा ने बताया कि उनकी अलमारी का लॉकर तोड़कर नगद 1 लाख रुपया लुट लिया गया है। यह रुपए उन्होंने मासिक खर्च को बचा-बचाकर जोड़े थे। इसके अलावा सोने के कंगन, सोने की माला, अंगुठी, बिंदी, नथ आदि मिलाकर करीब 1 लाख रुपए के सोने के जेवरों की चोरी हुई है।
पुलिस का अनुमान है कि वृद्धा को बेहोश करने के लिए किसी प्रकार का स्प्रे किया गया हो सकता है। बताया जाता है कि घर के पीछे एक पुरानी खिड़की को तोड़कर अपराधी घर में दाखिल हुए थे और कुछ घंटों में पूरे घर पर हाथ साफ कर उसी रास्ते से निकल कर भाग गए।
Read Also | भ्रष्टाचार की जांच के लिए कमेटी गठित, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी कमेटी के सदस्यों की जानकारी
पुलिस ने बताया कि रसोई घर के टेबल पर आम-पापड़ के कुछ टुकड़े बिखरे मिले। फ्रिज से दूध निकालते समय वह छलककर जमीन पर गिरा था, जिसके निशान मिले हैं। गैस जलाकर दूध को गर्म किया गया और उसमें आम-पापड़ मिलाकर निश्चिंत होकर चोरों ने पेट पूजा की।
सिर्फ इतना ही नहीं, फ्रिज में रखे रसना को निकालकर उससे शरबत बनाकर भी पिया। स्थानीय पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाकर चोरों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।