🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

ईशान किशन की तूफानी पारी से प्लेऑफ के करीब पहुंचा हैदराबाद, फ्रैंकलिन ने की जमकर तारीफ

47 गेंदों में 70 रन बनाकर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दिलाई शानदार जीत।

By शिखा सिंह

May 19, 2026 17:35 IST

चेन्नई : सनराइजर्स हैदराबाद के सहायक कोच जेम्स फ्रैंकलिन ने सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ईशान किशन की 70 रन की शानदार पारी की जमकर तारीफ की। उन्होंने इसे इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अब तक ईशान किशन की सर्वश्रेष्ठ पारी करार दिया।

181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए ईशान किशन ने मैच जिताऊ प्रदर्शन करते हुए 47 गेंदों पर 70 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके और तीन छक्के लगाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ईशान किशन पारी के 19वें ओवर में आउट हुए लेकिन तब तक वह टीम को जीत और प्लेऑफ में जगह के बेहद करीब पहुंचा चुके थे। उस समय सनराइजर्स हैदराबाद को जीत के लिए केवल छह रन की जरूरत थी जिसे नए बल्लेबाज स्मरण रविचंद्रन ने आसानी से पूरा कर दिया।

सनराइजर्स हैदराबाद ने यह मुकाबला पांच विकेट से और एक ओवर शेष रहते जीत लिया। इस जीत के साथ टीम ने प्लेऑफ में अपनी जगह भी लगभग सुनिश्चित कर ली।

ईशान किशन ने मौजूदा सत्र में अब तक 13 पारियों में 493 रन बनाए हैं। उनका औसत 37.69 का रहा है और उन्होंने पूरे सत्र में लगातार प्रभावशाली बल्लेबाजी की है।

मैच के बाद प्रेस वार्ता में जेम्स फ्रैंकलिन ने कहा कि अगर ईशान किशन से पूछा जाए तो संभवतः वह खुद भी इस पारी को आईपीएल 2026 की अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी मानेंगे। फ्रैंकलिन ने कहा कि चेन्नई की पिच आसान नहीं थी और यहां बल्लेबाजों को सामान्य टी20 अंदाज से अलग बल्लेबाजी करनी पड़ी।

उन्होंने कहा कि ईशान किशन इस पूरे सत्र में हमारे लिए शानदार रहे हैं। हाल के समय में उन्होंने भारत के लिए भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है और उसी लय को उन्होंने आईपीएल में भी जारी रखा है। अगर आप ईशान से पूछेंगे तो शायद वह भी मानेंगे कि यह इस सत्र की उनकी सबसे बेहतरीन पारी थी। मैच की परिस्थिति और पिच को देखते हुए यह पारी बेहद खास थी। आईपीएल में हम अक्सर सपाट पिचों पर खेलते हैं जहां बड़े शॉट लगाना आसान होता है लेकिन आज बल्लेबाजों को अपनी पारी अलग तरीके से बनानी पड़ी। मुझे लगा कि ईशान की बल्लेबाजी में काफी परिपक्वता दिखाई दी। उन्होंने परिस्थितियों को अच्छी तरह समझा और उसी हिसाब से अपनी पारी तैयार की। उन्होंने अंत तक बल्लेबाजी करने की पूरी कोशिश की।

सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर जब 7.4 ओवर में दो विकेट पर 56 रन था तब हेनरिक क्लासेन बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आए। इसके बाद उन्होंने ईशान किशन के साथ मिलकर 75 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

जेम्स फ्रैंकलिन ने हेनरिक क्लासेन की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि क्लासेन पूरे आईपीएल सत्र में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित हुए हैं। फ्रैंकलिन के मुताबिक क्लासेन ने मध्यक्रम में जिस तरह बल्लेबाजी की है वह इस सत्र की सबसे बेहतरीन पारियों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की साझेदारी शानदार रही। क्लासेन पूरे आईपीएल में हमारे लिए बेहद अहम रहे हैं। मुझे लगता है कि इस सत्र में मध्यक्रम में उन्होंने जो बल्लेबाजी की है वह आईपीएल के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में से एक है। वह मैच की परिस्थिति को अच्छी तरह समझते हैं रन गति बनाए रखते हैं और टीम को लगातार सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कई मुकाबलों में टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई है।

गौरतलब है कि हेनरिक क्लासेन इस समय आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 13 मुकाबलों में 555 रन बनाए हैं और लगातार शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

Articles you may like: