🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

IPL 2026: आज कोलकाता का मुकाबला, सामने होगी पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में आज यानी 20 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइटराइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

By लखन भारती

May 20, 2026 11:40 IST

कोलकाता: टूर्नामेंट की खराब शुरुआत के कारण अगर मगर की कठिन डगर में फंसी कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) का मुकाबला आज यानी बुधवार को मुंबई इंडियंस से है। कोलकाता को अगर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखना है तो उसे मुंबई इंडियंस के खिलाफ बुधवार को ईडन गार्डन्स में होने वाले इस मैच में किसी भी तरह की कसर नहीं छोड़नी होगी।

मुंबई प्लेऑफ की रेस से हो चुकी है बाहर

मुंबई इंडियंस की टीम प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है लेकिन वह केकेआर के समीकरण बिगाड़ने के लिए प्रतिबद्ध होगी। अगर इस मैच में केकेआर हार जाती है, तो अजिंक्य रहाणे के नेतृत्व में लगातार दूसरे सत्र में उसकी टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रहेगी।

श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में खिताब जीतने के एक साल बाद 2025 में केकेआर आठवें स्थान पर रहा था। मुंबई के खिलाफ जीत से भी केकेआर का काम पूरा नहीं होगा। उसका भाग्य अभी भी शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले मैच पर निर्भर करेगा। अगर पंजाब वह मैच जीत जाता है, तो रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर का आखिरी लीग मैच महज औपचारिकता रह जाएगा।

आरसीबी, गुजरात और हैदराबाद कर चुकीं क्वालीफाई

मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस प्रतियोगिता से बाहर हो चुके हैं। इससे पांच टीम पंजाब किंग्स (13 अंक), राजस्थान रॉयल्स (12), चेन्नई सुपर किंग्स (12), दिल्ली कैपिटल्स (12) और कोलकाता नाइट राइडर्स (11) बाकी बचे एक प्लेऑफ स्थान हासिल करने की दौड़ में हैं। इनमें से केवल राजस्थान रॉयल्स और केकेआर के ही दो मैच बचे हैं।

राजस्थान के लिए सबसे सरल समीकरण है। लखनऊ को उन्होंने 7 विकेट से हरा दिया था। अब उन्हें सिर् मुंबई के खिलाफ जीतकर 16 अंक हासिल करके क्वालीफाई करना है।

क्या है केकेआर का समीकरण ?

दूसरी ओर केकेआर को न केवल अपने दोनों मैच जीतने होंगे, बल्कि यह भी उम्मीद करनी होगी कि पंजाब की टीम लखनऊ से हार जाए। पंजाब का नेट रन रेट केकेआर से बेहतर है। केकेआर ने अपने पिछले छह मैचों में से पांच में जीत हासिल की है लेकिन टूर्नामेंट के शुरू में उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था जिससे टीम को काफी नुकसान हुआ। कप्तान रहाणे और कोच अभिषेक नायर को विजयी संयोजन तय करने में लगभग सात मैच लग गए।

फिन एलन ने शीर्ष क्रम में अपनी फॉर्म को फिर से हासिल कर लिया है। उन्होंने अपनी पिछली तीन पारियों में एक शतक और 93 रन की तूफानी पारी खेली है, जबकि युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी और कैमरन ग्रीन का आत्मविश्वास हर मैच के साथ बढ़ता जा रहा है।

शीर्ष क्रम में रहाणे एकमात्र कमजोर कड़ी रहे हैं, लेकिन उपकप्तान रिंकू सिंह ने मध्य क्रम में फिनिशर की अपनी भूमिका को बखूबी निभाया है। केकेआर के लिए गेंदबाजी विभाग में मथीशा पथिराना और वरुण चक्रवर्ती की चोट चिंता का विषय है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

कोलकाता नाइटराइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, राहुल त्रिपाठी, फिन एलन, तेजस्वी सिंह, टिम सीफर्ट, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, कैमरन ग्रीन, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, मथीशा पथिराना, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती और प्रशांत सोलंकी।

मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, रयान रिकेल्टन, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, राज बावा, विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, तिलक वर्मा, ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, मयंक मारकंडे, शार्दुल ठाकुर, क्विंटन डी कॉक, दानिश मालेवार, अथर्व अंकोलेकर, एएम गजनफर, मयंक रावत, रघु शर्मा, मोहम्मद सलाहुद्दीन इज़हार और रॉबिन मिंज।

मैच शुरू होने का समय: शाम 7.30 बजे।

Articles you may like: