रायबरेली (उत्तर प्रदेश): राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए बढ़ती ईंधन कीमतों, देश की आर्थिक स्थिति और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ उनकी हालिया मुलाकात को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गंभीर आर्थिक मुद्दों को हल्के में ले रही है।
रायबरेली में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी से जुड़े सोशल मीडिया के चर्चित “मेलोडी” ट्रेंड का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इस पर ध्यान देने के बजाय अलग ही संदेश देने में लगी हुई है।
राहुल गांधी ने कहा, “मोदी जी मेलोनी के लिए टॉफियां लेकर जाते हैं... फिर से रोने का समय आने वाला है।”
उनकी यह टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी की इटली यात्रा के दौरान सामने आई, जहां उन्होंने रोम में जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें “मेलोडी” टॉफियों का एक पैक भेंट किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर “मेलोडी” ट्रेंड फिर चर्चा में आ गया।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि देश गंभीर आर्थिक चुनौतियों की तरफ बढ़ रहा है। उन्होंने वैश्विक तनाव और भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार की आर्थिक नीतियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा, “अब एक ऐसा आर्थिक तूफान आने वाला है, जैसा भारत ने पहले कभी नहीं देखा। होर्मुज जलडमरूमध्य बंद हो चुका है, लेकिन फिर भी कहा जा रहा है कि पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। भाजपा के लोग मेरा मजाक उड़ाते हैं।”
राहुल गांधी ने आगे कहा, “वे मेलोनी के साथ टॉफियां खा रहे हैं, वीडियो बना रहे हैं और ऐसा दिखा रहे हैं जैसे सब मजाक हो। बाद हाथ जोड़ते नजर आएंगे।”
उन्होंने केंद्र सरकार पर नोटबंदी को लेकर भी हमला बोला और आरोप लगाया कि देश की संपत्ति तथा संस्थानों को चुनिंदा उद्योगपतियों के हवाले किया जा रहा है।
राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की आर्थिक व्यवस्था बेच दी है। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था अंबानी, अडानी और अमेरिका को सौंप दी है। अब जब आर्थिक संकट आएगा, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार आपको बचा नहीं पाएंगे।”
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि संविधान पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ दिए गए अपने पुराने बयान पर वह कायम हैं।
उन्होंने कहा, “जब आरएसएस के कार्यकर्ता आपके सामने आएं और नरेंद्र मोदी तथा अमित शाह की बात करें, तब उन्हें कहना चाहिए कि आपका प्रधानमंत्री, आपका गृह मंत्री और आपका संगठन भारत को बेचने का काम कर रहा है। आपने संविधान पर हमला किया है।”
महंगाई और ईंधन कीमतों का जिक्र करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं विदेश मत जाइए, सोना मत खरीदिए, इलेक्ट्रिक वाहन खरीदिए। आने वाले समय में किसानों को खाद भी नहीं मिलेगी। कुछ महीनों में देखिए महंगाई कहां पहुंचती है और पेट्रोल, डीजल, तेल, गैस, दाल और चावल के दाम कहां जाते हैं।”
राहुल गांधी ने उद्योगपति अंबानी पर भी आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि रूस से खरीदे गए ईंधन का निर्यात किया जा रहा है और उससे होने वाली कमाई का इस्तेमाल भाजपा को राजनीतिक रूप से समर्थन देने में किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “चुनाव से पहले कहा गया था कि पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं होगी और कीमतें नहीं बढ़ेंगी। आज जब पेट्रोल महंगा हो रहा है, तब अंबानी भारत से पेट्रोल विदेश भेज रहे हैं। रूस से पेट्रोल खरीदकर बाहर बेचा जा रहा है और उसी पैसे से प्रधानमंत्री मोदी को समर्थन दिया जाता है। यही सच्चाई है।”