जयपुरः राजस्थान के धौलपुर जिले में चंबल नदी के राजघाट क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक घटना घटी। यहां नदी किनारे अपनी मवेशियों को पानी पिलाने गई एक बालिका पर मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया और उसे गहरे पानी के अंदर खींच ले गया। इस अचानक हुए हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे राजघाट गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मवेशियों को पानी पिलाने गई थी बालिका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका धौलपुर के राजघाट गांव की ही रहने वाली थी। रोजाना की तरह वह बुधवार को अपने मवेशियों को पानी पिलाने के लिए चंबल नदी के किनारे लेकर गई थी। चंबल नदी राजघाट गांव के ठीक सामने बहती है। इसी दौरान जब बालिका नदी के किनारे पानी के पास मौजूद थी, तभी पानी के भीतर घात लगाए बैठे एक विशालकाय मगरमच्छ ने उस पर हमला बोल दिया। मगरमच्छ बालिका को संभलने का मौका दिए बिना सीधे नदी के गहरे पानी के अंदर खींच ले गया।
शोर सुनकर दौड़े ग्रामीण, पर तब तक हो चुकी थी देर
बालिका के चिल्लाने और मवेशियों की हलचल सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत लाठी-डंडे लेकर मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत और सूझबूझ दिखाते हुए नदी के पानी में घुसकर मगरमच्छ का मुकाबला किया और बालिका को उसके जबड़े से छुड़ाया। हालांकि, जब तक ग्रामीण बालिका को पानी से बाहर निकाल पाते, तब तक अत्यधिक चोटें आने और दम घुटने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
मौके पर पहुंची चंबल चौकी पुलिस
इस भयावह घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही चंबल चौकी पुलिस की टीम तुरंत राजघाट गांव के सामने नदी किनारे पहुंच गई है और जांच कर रही है।