ओस्लो : छह वर्षीय हेनरिक ने खेत से जंग लगा धातु का टुकड़ा खोजा जो बाद में लगभग 1300 वर्ष पुराना प्राचीन तलवार निकला। स्कूल के सहपाठियों और शिक्षकों के साथ एक शैक्षणिक भ्रमण पर गया हेनरिक जमीन में धंसे उस टुकड़े को देखकर उसे जिज्ञासावश बाहर निकाल लाया। उसे कुछ असामान्य लगने पर उसने इसे अपने शिक्षकों को दिखाया।
शिक्षकों को भी यह वस्तु सामान्य नहीं लगी जिसके बाद वे इसे स्थानीय पुरातत्व विशेषज्ञों के पास ले गए। वहां जांच के बाद विशेषज्ञों ने पुष्टि की कि वह धातु का टुकड़ा वास्तव में कम से कम 1300 वर्ष पुरानी एक तलवार है।
विशेषज्ञों के अनुसार यूरोप के विभिन्न क्षेत्रों में चौड़े और सीधे फाल वाली तलवारों का उपयोग किया जाता था। लेकिन इस तलवार की एक तरफ धार होने के कारण माना जा रहा है कि यह नॉर्वे में योद्धा वाइकिंग युग की शुरुआत से भी पहले इस्तेमाल होने वाले प्रकार की तलवार हो सकती है। इसे अत्यंत दुर्लभ खोज माना जा रहा है।
छोटे हेनरिक द्वारा ऐसी ऐतिहासिक तलवार खोजे जाने की घटना की तुलना 2018 की एक अन्य खोज से भी की जा रही है जब गर्मियों में स्वीडन के एक झील का पानी काफी सूख गया था और वहां आठ वर्षीय एक बच्ची को भी एक वाइकिंग तलवार मिली थी।
दरअसल नॉर्वे, स्वीडन और फिनलैंड जैसे उत्तरी यूरोपीय देशों का क्षेत्र स्कैंडिनेविया के नाम से जाना जाता है, जहां प्राचीन वाइकिंग सभ्यता के अनेक अवशेष आज भी मिलते रहते हैं। हेनरिक द्वारा मिली यह तलवार वर्तमान में नॉर्वे की राजधानी ओस्लो स्थित ‘म्यूज़ियम ऑफ कल्चरल हिस्ट्री’ में सुरक्षित रखी गई है।