कोलकाता : कोलकाता नाइट राइडर्स ने बुधवार को ईडन गार्डन्स में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले में मुंबई इंडियंस को चार विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा। इस जीत में अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांडे की शानदार पारी ने निर्णायक भूमिका निभाई।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे 36 वर्षीय मनीष पांडे ने कठिन पिच पर 33 गेंदों में 45 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके शामिल रहे। 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया और जीत की नींव रखी।
मुकाबले के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ पुरस्कार हासिल करने वाले मनीष पांडे ने कहा कि यह वास्तव में खास मुकाबला था। इस सत्र में यही पहला मैच था जिसमें मुझे बल्लेबाजी करने का मौका मिला। शुरुआती चार मुकाबलों में मैं पूरी तैयारी के साथ इंतजार करता रहा, लेकिन बल्लेबाजी का अवसर नहीं मिला। इस मैच में मेरा लक्ष्य अंत तक टिके रहना और टीम को जीत दिलाना था और खुशी है कि ऐसा हुआ। बीच के ओवरों में रोवमैन पॉवेल और अन्य खिलाड़ियों के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां हुईं। उम्मीद है कि आगे भी हम इसी तरह प्रदर्शन करेंगे और टीम को जीत दिलाएंगे।
मनीष पांडे वर्ष 2014 और 2024 में इंडियन प्रीमियर लीग खिताब जीतने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का हिस्सा रह चुके हैं। वह लंबे समय से इस फ्रेंचाइजी के अहम बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने टीम प्रबंधन का भरोसा बनाए रखने के लिए भी आभार जताया।
उन्होंने कहा कि शायद यही वजह है कि मैं अब भी यहां हूं। कोलकाता नाइट राइडर्स ने हमेशा मेरे साथ अच्छा व्यवहार किया है और मुझ पर भरोसा बनाए रखा है। यह मेरे लिए बेहद खास एहसास है।
अपनी कार्यशैली और तैयारी के बारे में बात करते हुए मनीष पांडे ने कहा कि हम हर दिन लगभग एक घंटे बल्लेबाजी अभ्यास करते हैं और करीब 45 मिनट तक क्षेत्ररक्षण का अभ्यास भी करते हैं। चाहे बारिश हो या तेज धूप, अभ्यास लगातार जारी रहता है।
उन्होंने आगे कहा कि मैं गेंदबाजी नहीं करता, इसलिए मुझे क्षेत्ररक्षण में योगदान देना बेहद पसंद है। चाहे एक रन बचाना हो, शानदार कैच लेना हो या रन आउट करना, मैं हर तरह से टीम के लिए योगदान देना चाहता हूं। यही मेरी सबसे बड़ी ताकत रही है। जब मैं मैदान पर क्षेत्ररक्षण करता हूं तो चाहता हूं कि हर गेंद मेरी तरफ आए। टीम के लिए किसी भी रूप में योगदान दे पाना मुझे गर्व का एहसास कराता है और यही मुझे लगातार प्रेरित करता है।
मुकाबले का हाल
मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई इंडियंस की ओर से कॉर्बिन बॉश ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। उनकी बदौलत मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 147 रन बनाए।
कोलकाता की ओर से सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी और कैमरून ग्रीन ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता के लिए मनीष पांडे और रोवमैन पॉवेल ने अहम पारियां खेलीं। रोवमैन पॉवेल ने 30 गेंदों में 40 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18.5 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।