🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

फ्रांस में जी-7 बैठक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की हो सकती है अहम मुलाकात

ईरान युद्ध, व्यापार और AI जैसे वैश्विक मुद्दों पर होगी अहम चर्चा

पेरिस : आगामी 15 से 17 जून के बीच दक्षिण-पूर्व फ्रांस के एवियान-ले-बैं शहर में जी-7 की बैठक आयोजित होने जा रही है। इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इस बैठक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आमने-सामने मुलाकात होने की संभावना भी बन रही है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति को लेकर अभी तक नई दिल्ली की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वही भारत जी-7 समूह का स्थायी सदस्य नहीं है लेकिन हाल के वर्षों में विशेष अतिथि के रूप में भारत को आमंत्रित किया जाता रहा है। इसी क्रम में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फरवरी में भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जी-7 बैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।

इस बीच व्हाइट हाउस ने समाचार एजेंसी एएफपी को जानकारी देते हुए कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जी-7 बैठक में भाग लेने के लिए फ्रांस जाएंगे। उल्लेखनीय है कि आगामी सितंबर महीने में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से होने की संभावना भी जताई जा रही है। इस सम्मेलन में दोनों नेता भारत की यात्रा कर सकते हैं, जहां इन मुलाकातों की संभावना है। ऐसे में मोदी-ट्रंप की संभावित बैठक अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

पिछले वर्ष टैरिफ और व्यापार समझौते से जुड़े मुद्दों के कारण भारत-अमेरिका संबंधों में कुछ तनाव देखा गया था, हालांकि बाद में स्थिति में सुधार हुआ। हाल ही में ईरान संघर्ष के दौरान भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इस वर्ष जी-7 बैठक में कई महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है जिनमें ईरान युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी तनाव प्रमुख हैं। इसके अलावा कृत्रिम बुद्धिमत्ता, वैश्विक व्यापार, खनिज संसाधन, आव्रजन और ऊर्जा उत्पादन जैसे विषय भी एजेंडे में शामिल हो सकते हैं।

Articles you may like: