🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

'भाजपा की भाषा अब उसी पर भारी पड़ रही': राहुल गांधी के ‘देशद्रोही’ बयान पर महबूबा मुफ्ती का भाजपा पर पलटवार

पीडीपी प्रमुख बोलीं- मुसलमानों और धर्मनिरपेक्ष लोगों को पहले भाजपा ने कहा था गद्दार

By डॉ. अभिज्ञात

May 20, 2026 16:46 IST

श्रीनगर: पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए ‘देशद्रोही’ बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब वही झेल रही है, जिसकी शुरुआत उसने खुद की थी। उनका कहना था कि वर्षों तक मुसलमानों और धर्मनिरपेक्ष विचार रखने वालों को देशद्रोही कहने के बाद अब भाजपा उसी भाषा का सामना कर रही है।

महबूबा मुफ्ती शोपियां में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उनसे राहुल गांधी के उस बयान पर सवाल किया गया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह पर भारत को “बेचने” का आरोप लगाया था। इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी बहस शुरू हो गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने इस विवाद को ज्यादा महत्व देने से इनकार किया। उन्होंने कहा, “अगर राहुल गांधी ने कुछ कह दिया तो इतना हंगामा क्यों हो रहा है? सबसे पहले भाजपा ने ही मुसलमानों और धर्मनिरपेक्ष लोगों को देशद्रोही कहना शुरू किया था। पहले भाजपा के लोग ‘पाकिस्तान जाओ’ कहते थे, अब ‘ईरान जाओ’ कह रहे हैं। मुसलमानों के घरों पर बुलडोजर चलाए गए लेकिन उस समय किसी ने कुछ नहीं कहा।”

पीडीपी प्रमुख ने कहा कि भाजपा अब अपने ही किए का परिणाम भुगत रही है। उनके अनुसार, “जो बीज उन्होंने बोए थे, अब वही लौटकर उनके सामने आ रहे हैं।”

दरअसल, राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के रायबरेली में आयोजित एक रैली के दौरान भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा ने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनिर्माताओं का अपमान किया है। राहुल ने कहा जब आरएसएस के कार्यकर्ता आपके सामने आएं और नरेंद्र मोदी तथा अमित शाह की बात करें, तब उनसे साफ कहिए कि आपका प्रधानमंत्री देशद्रोही है, आपका गृह मंत्री देशद्रोही है और आपका संगठन भी देशद्रोही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने भारत को बेचने का काम किया है और देश की संस्थाओं तथा संविधान पर हमला किया है। राहुल गांधी ने अपने भाषण में डॉ. भीमराव आंबेडकर, वीरा पासी और महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महान हस्तियों के विचारों और विरासत को भी निशाना बनाया गया।

Articles you may like: