नई दिल्ली: फुटबॉल इतिहास के दो सबसे महान खिलाड़ियों, पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी, ने एक बार फिर इतिहास के पन्नों में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों से दर्ज करा दिया है। आगामी फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए दोनों दिग्गजों को अपनी-अपनी नेशनल टीमों के स्क्वॉड में शामिल कर लिया गया है। यह इन दोनों ही स्टार्स का लगातार छठा वर्ल्ड कप सीजन होगा और फुटबॉल के लंबे इतिहास में इस अविश्वसनीय मुकाम को हासिल करने वाले वे दुनिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।
41 की उम्र में क्रिस्टियानो रोनाल्डो का छठा वर्ल्ड कप
पुर्तगाल ने मंगलवार को 2026 फीफा वर्ल्ड कप के लिए अपने आधिकारिक रोस्टर का ऐलान किया, जिसमें 41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो को जगह दी गई है। रोनाल्डो अब तक पुर्तगाल के लिए रिकॉर्ड 226 मैच खेल चुके हैं और उन्होंने 143 अंतरराष्ट्रीय गोल दागे हैं। उनके नाम अपने पिछले सभी पांचों वर्ल्ड कप सीजन में कम से कम एक गोल दागने का अनोखा विश्व रिकॉर्ड भी दर्ज है। रोनाल्डो की कप्तानी और प्रेरणा से पुर्तगाल ने साल 2016 में यूरोपियन चैंपियनशिप और दो बार यूईएफए नेशंस लीग (2019, 2025) का खिताब जीता है। हालांकि, उनके सजे-धजे कैबिनेट में अभी भी एक ट्रॉफी की कमी है। 2026 का यह मेगा इवेंट रोनाल्डो के पास अपनी पहली फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का आखिरी और सबसे सुनहरा मौका लेकर आया है।
खिताब बचाने उतरेंगे लियोनेल मेसी
दूसरी तरफ, अर्जेंटीना के जादूगर लियोनेल मेसी भी अपने छठे वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अब तक 198 मैच खेले हैं और 116 गोल किए हैं। वे फुटबॉल इतिहास के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने दो अलग-अलग वर्ल्ड कप सीजन (2014 और 2025) में फीफा वर्ल्ड कप गोल्डन बॉल जीता है। मेसी ने साल 2022 में अर्जेंटीना को अपनी कप्तानी में फीफा वर्ल्ड कप का चैंपियन बनाया था, इसके अलावा वे टीम को दो कोपा अमेरिका खिताब (2021, 2024) भी जिता चुके हैं। अर्जेंटीना की टीम में शामिल होने के बाद मेसी के पास अपने खिताब की रक्षा करने का मौका होगा। अगर अर्जेंटीना इस बार भी चैंपियन बनती है, तो वह फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में लगातार दो बार खिताब बचाने वाली दुनिया की केवल तीसरी टीम बन जाएगी।
अब तक सिर्फ 5 वर्ल्ड कप खेलने वाले खिलाड़ियों का रिकॉर्ड
रोनाल्डो और मेसी से पहले दुनिया के केवल चार खिलाड़ी ऐसे रहे हैं जिन्होंने अपने करियर में 5 वर्ल्ड कप सीजन में हिस्सा लिया है। हालांकि, कोई भी छह के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका था। 5 वर्ल्ड कप खेलने वाले दिग्गजों के नाम इस प्रकार हैं।
लोथर मथायस (जर्मनी)
राफेल मार्केज (मेक्सिको)
आंद्रेस गुआर्डाडो (मेक्सिको)
एंटोनियो कार्बाजल (मेक्सिको)
कब और कहां होगा फीफा वर्ल्ड कप 2026 ?
फुटबॉल का यह सबसे बड़ा महाकुंभ इस बार तीन देशों की संयुक्त मेजबानी में खेला जा रहा है, यह टूर्नामेंट 11 जून 2026 से शुरू होकर 19 जुलाई 2026 तक चलेगा। इसके मुकाबले मेक्सिको, कनाडा और अमेरिका (USA) के शानदार स्टेडियमों में आयोजित किए जाएंगे।