मुंबईः मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर एक पपराजी को जमकर फटकार लगाई है। मामला उस वक्त सामने आया जब मुंबई के एक फोटोग्राफर ने सारा तेंदुलकर और उनकी भाभी सानिया का एयरपोर्ट वीडियो शेयर करते हुए आपत्तिजनक और बॉडी-शेमिंग टिप्पणी कर दी।
वीडियो में सारा और सानिया एयरपोर्ट टर्मिनल में एंट्री करती दिखाई दे रही थीं। हालांकि वीडियो सामान्य था, लेकिन उसके साथ लिखा गया कैप्शन सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आया। कैप्शन में सारा के शरीर को लेकर टिप्पणी की गई थी, जिसके बाद इंटरनेट पर लोगों ने फोटोग्राफर की आलोचना शुरू कर दी।
यह पोस्ट जब सारा तेंदुलकर की नजर में आई, तो उन्होंने बिना देर किए सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया। सारा ने सीधे पपराजी को टैग करते हुए लिखा कि इस तरह की हरकत बेहद घटिया है और इसे पत्रकारिता नहीं कहा जा सकता। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उन्हें और उनके परिवार को अकेला छोड़ दिया जाए।
सारा की तीखी प्रतिक्रिया के बाद संबंधित पपराजी ने वह पोस्ट डिलीट कर दी। हालांकि सारा यहीं नहीं रुकीं और उन्होंने एक और पोस्ट के जरिए उस फोटोग्राफर की आलोचना की।
सोशल मीडिया पर सारा तेंदुलकर के इस जवाब को काफी समर्थन मिल रहा है। कई यूजर्स ने कहा कि बॉडी-शेमिंग जैसी टिप्पणियां किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जानी चाहिए, चाहे वह किसी सेलिब्रिटी के लिए हो या आम इंसान के लिए।
वहीं अगर सारा तेंदुलकर के प्रोफेशनल सफर की बात करें, तो वह अब अपने पिता सचिन तेंदुलकर के सामाजिक कार्यों से भी जुड़ी हुई हैं। वह सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन में डायरेक्टर की जिम्मेदारी निभा रही हैं। इससे पहले सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि उनकी बेटी सारा ने यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन से क्लिनिकल और पब्लिक हेल्थ न्यूट्रिशन में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की है। उन्होंने कहा था कि सारा अब खेल, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लोगों को सशक्त बनाने की दिशा में काम करेंगी।
पिछले साल सारा तेंदुलकर ने मुंबई में अपनी पिलाटेस अकादमी भी शुरू की थी। इस अकादमी के जरिए वह फिटनेस, वेलनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को बढ़ावा देने पर काम कर रही हैं।