भारत में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) का पहला X अकाउंट बंद कर दिया गया। पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर न सिर्फ यह व्यंग्यात्मक राजनीतिक पार्टी चर्चाओं में छाया हुआ है बल्कि इसकी लोकप्रियता भी आसमान छू रही है।
महज 5 दिनों के अंदर ही इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोवर्स की संख्या भाजपा के फॉलोवर्स से अधिक हो गयी है। इसके बाद X ने भारत में 'कॉकरोच जनता पार्टी' का अकाउंट बंद कर देने का फैसला लिया।
इस बाबत X की तरफ से कहा गया है कि एक निश्चित देश में किसी सरकारी संस्था अथवा कानूनी क्षमता सम्पन्न किसी संस्थान की ओर से आधिकारिक तौर पर यह निर्देश दिया गया है। जिसके बाद ही यह फैसला लिया गया। हालांकि ऐसे मामलों में अकाउंट को पूरी तरह से डिलिट नहीं किया जाता है बल्कि किसी एक खास देश के नागरिक उस अकाउंट को नहीं देख पाते हैं।
जैसा कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' के मामले में भारतीय नागरिकों को लिए अकाउंट को अनुपलब्ध कर दिया गया है। विश्व के अन्य देशों के नागरिक अथवा दूसरे देशों में रह रहे भारतीय भी इस अकाउंट को देख सकेंगे।
लेकिन...कॉकरोच जनता पार्टी ने गुरुवार की शाम को ही X पर अपना एक नया अकाउंट खोलकर पहला पोस्ट किया है, 'Cockroach is Back'। इसके साथ ही लिखा है, 'आपको क्या लगा कि आपको हमसे छुटकारा मिल गया? Lol.'
गौरतलब है कि बेरोजगार युवाओं के एक समूह को 'कॉकरोच' (तिलचट्टा) कहकर देश के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत ने संबोधित किया था। उनके इस बयान के बाद ही सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत हुई। यह वर्चुअल मंच सबसे अधिक जेन ज़ी में लोकप्रिय हो गया। पिछले मात्र 5 दिनों के अंदर इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोवर्स की संख्या 13.2 मिलियन पर पहुंच चुकी है जो भाजपा से लगभग 50 लाख अधिक है।
Follow now! https://t.co/cP2UHq4akq
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) May 21, 2026
इस व्यंग्यात्मक मंच के पीछे अभिजीत दीपक का हाथ है, जो वर्तमान में बॉस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं। बताया जाता है कि साल 2020 से 2023 के बीच वह आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया विंग से भी जुड़े रहे थे। अभिजीत का कहना है कि उन्होंने देश के युवाओं की सोच और उनके विरोध को एक मंच देने के उद्देश्य से इस नए प्लेटफॉर्म की कल्पना की है।
विभिन्न मीडिया इंटरव्यू में अभिजीत दीपक कहते हैं कि मुख्य न्यायाधीश की टिप्पणी के खिलाफ युवाओं की विरोधी आवाज को उठाने के लिए ‘कॉकरोज जनता पार्टी’ नामक मंच बनाया गया है।
मुख्य न्यायाधीश संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के रक्षक हैं। उनसे इस तरह की टिप्पणी की उम्मीद नहीं की जा सकती। अगर युवा आलोचना करते हैं तो उन्हें इस तरह से कटाक्ष नहीं किया जा सकता है।
कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से सोशल मीडिया पर एक घोषणापत्र भी जारी किया गया है जिसमें 5 मांगे रखी गयी है -
- बिना सीट बढ़ाए संसद में महिलाओं के लिए 50% आरक्षण सुनिश्चित किया जाए।
- पार्टी बदलने वाले विधायकों और सांसदों को 20 साल तक चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित किया जाए।
- सेवानिवृत्ति के बाद न्यायाधीशों को राज्यसभा में नियुक्त न किया जाए।
- यदि किसी वैध मतदाता का नाम सूची से हटता है तो मुख्य चुनाव आयुक्त को जवाबदेह ठहराकर कार्रवाई की जाए।
- कथित 'गोदी मीडिया' के एंकरों के बैंक खातों की जांच की जाए।