कपड़े धोते समय जल्दबाजी में अगर गलती से भी सफेद और रंगीन कपड़ों को एक साथ वॉशिंग मशीन में या बाल्टी में भिगो दिया तो मतलब साफ है। रंगीन कपड़ों का रंग सफेद शर्ट, कुर्ता या टी-शर्ट पर चढ़ जाएगा और वह शर्ट बाद में बस पोछा बनाने के काम ही आएगी।
सफेद कपड़ों पर ऐसे दाग बहुत आसानी से दिखाई देते हैं जो पूरे लुक को खराब कर देते हैं। हालांकि कई मामलों में इस तरह के दाग स्थायी नहीं होते हैं। सही समय पर सही उपाय अपनाने से इन रंग के दागों को आसानी से साफ किया जा सकता है।
तुरंत बाकी कपड़ों से करें अलग
जैसे ही आपको सफेद कपड़े पर किसी दूसरे कपड़े का रंग लगा हुआ दिखाई देता है तो सबसे पहले उसे बाकी कपड़ों से अलग कर दें। उसे कभी भी गर्म पानी से न धोएं क्योंकि गर्म पानी दाग को कपड़े के रेशों में और गहराई तक जमा सकता है। उस कपड़े को ठंडे पानी में हल्के हाथों से धोकर जितना संभव हो उतना रंग निकालने की कोशिश करें। दाग वाले हिस्से को बहुत जोर से न रगड़ें। इससे कपड़े के रेशे को नुकसान पहुंच सकता है।
सफेद कपड़ों से रंग साफ करने के घरेलू नुस्खे
दूध से लाएं सफेदी
बहुत कम लोगों को ही पता होगा कि दूध भी कपड़ों के रंग के दाग हटाने में मदद करता है। दाग लगे हिस्से को 1 से 2 घंटे तक दूध में भिगोकर रखें। इसके बाद हल्के डिटर्जेंट से धो लें। चाहें तो थोड़ा सा नींबू का रस भी लगा सकती हैं। नींबू के रस में थोड़ा नमक भी रगड़ सकती हैं इससे दाग काफी फीका पड़ जाता है।
सफेद सिरका (व्हाइट विनेगर) और नमक
एक बाल्टी ठंडे पानी में 2 से 3 चम्मच सफेद सिरका (व्हाइट विनेगर) और 1 से 2 चम्मच नमक मिलाएं। इसके बाद दाग लगे कपड़े को 30 मिनट से 1 घंटे तक इस घोल में भिगोकर रखें। फिर कपड़े को सामान्य डिटर्जेंट से धो लें। नए और हल्के रंग के दाग हटाने जल्दी हट जाएंगे।
नमक और नींबू का रस
नींबू में मौजूद प्राकृतिक अम्लीय गुण दाग को कम करने में मदद करते हैं। दाग वाले हिस्से पर नींबू का रस लगाएं और उसके ऊपर थोड़ा सा नमक छिड़क दें। इसके बाद कपड़े को 30 से 45 मिनट तक हल्की धूप में रखें। फिर ठंडे पानी से धो लें। यदि जरूरत हो तो इस प्रक्रिया को दोबारा भी दोहराया जा सकता है।
बेकिंग सोडा और विनेगर
अगर दाग थोड़ा गहरा हो तो दाग वाले हिस्से को हल्का गीला कर लें और उस पर बेकिंग सोडा छिड़क दें। इसके बाद उस पर थोड़ा सा सिरका यानी विनेगर डालें।
जब झाग बनने लगे तो 15 से 20 मिनट तक कपड़े को ऐसे ही छोड़ दें। फिर उस हिस्से को हल्के हाथों से साफ करें और ठंडे पानी से धो लें। इस तरीके से जिद्दी रंग के दाग भी काफी हद तक हल्के हो जाते हैं।
नोट - मार्केट में कलर कैचिंग शीट मिलती है। कपड़ों को खास तौर पर वॉशिंग मशीन में धोते समय इन शीट्स का इस्तेमाल कर सकती हैं। इससे एक कपड़े का दाग दूसरे कपड़े पर नहीं लगेगा।