🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

संयुक्त अरब अमीरात का बड़ा फैसला: 15 वर्ष से कम आयु वालों को नहीं मिलेगा सोशल मीडिया एक्सेस

15 वर्ष से कम उम्र के बच्चे न अकाउंट चला सकेंगे, न पोस्ट या कमेंट कर पाएंगे

लंदन : बच्चों और किशोरों की बढ़ती ऑनलाइन सक्रियता तथा सोशल मीडिया पर उनकी निर्भरता को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ रही है। इसी बीच संयुक्त अरब अमीरात ने एक महत्वपूर्ण और कड़ा कदम उठाते हुए सोशल मीडिया उपयोग के लिए न्यूनतम आयु सीमा 15 वर्ष निर्धारित कर दी है। इस निर्णय के साथ ही वह अरब क्षेत्र का पहला देश बन गया है जिसने नाबालिगों के सोशल मीडिया उपयोग को नियंत्रित करने के लिए इस प्रकार का व्यापक नियमन लागू किया है।

गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात सरकार ने घोषणा की कि 15 वर्ष से कम आयु का कोई भी नाबालिग व्यक्तिगत सोशल मीडिया अकाउंट का उपयोग नहीं कर सकेगा। ऐसे बच्चों को किसी भी प्रकार की सामग्री पोस्ट करने, टिप्पणी करने या सोशल मीडिया पर किसी सार्वजनिक समूह से जुड़ने की अनुमति नहीं होगी।

नए नियमों के तहत देश में संचालित सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह व्यवस्था लागू होगी। सोशल मीडिया कंपनियों को प्रभावी और विश्वसनीय आयु सत्यापन प्रणाली अनिवार्य रूप से लागू करनी होगी। केवल स्वयं द्वारा बताई गई उम्र (सेल्फ-डिक्लेरेशन) को मान्य नहीं माना जाएगा। आयु की पुष्टि के लिए डिजिटल पहचान सत्यापन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित तकनीकों का उपयोग करना होगा।

सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि 15 वर्ष से कम आयु के जिन बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट पहले से मौजूद हैं, उन्हें निष्क्रिय किया जाए। साथ ही उन खातों से संबंधित व्यक्तिगत जानकारी का उपयोग लक्षित विज्ञापन (टार्गेटेड एडवरटाइजिंग) या व्यवहार-आधारित प्रोफाइलिंग (बिहेवियरल प्रोफाइलिंग) के लिए नहीं किया जा सकेगा।

हालांकि 15 और 16 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों को सोशल मीडिया उपयोग की अनुमति दी जाएगी, लेकिन इसके लिए कई सुरक्षा शर्तें लागू रहेंगी। इनमें आयु-उपयुक्त कंटेंट कंट्रोल, अज्ञात व्यक्तियों के साथ सोशल मीडिया संपर्क पर रोक, स्क्रीन-टाइम प्रबंधन उपकरण तथा अभिभावकीय निगरानी जैसी व्यवस्थाएं अनिवार्य होंगी।

सरकार ने सोशल मीडिया कंपनियों को अधिकतम 12 महीने के भीतर इन नए नियमों को पूरी तरह लागू करने का निर्देश दिया है।उल्लेखनीय है कि बच्चों के मोबाइल फोन उपयोग और ऑनलाइन गतिविधियों में बढ़ती भागीदारी को लेकर कई देशों में चिंता व्यक्त की जा रही है। इसी कारण विभिन्न सरकारें नाबालिगों को सोशल मीडिया से दूर रखने या उनके उपयोग को नियंत्रित करने के लिए नए नियम लागू कर रही हैं। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के कुछ देशों ने भी नाबालिगों के सोशल मीडिया उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं।

Articles you may like: