तीन बार टालने के बाद आखिरकार 'मेसी कांड' में पूर्व खेल मंत्री अरुप विश्वास थाना में हाजिर हुए। गुरुवार (18 जून) की सुबह करीब 10 बजे वह विधाननगर दक्षिण थाना में पहुंचे। पिछले लंबे समय से लोगों की नजरों से बचते फिर से अरुप विश्वास जैसे ही सामने आए उनपर कटाक्ष करने का मौका भाजपा नेताओं ने नहीं छोड़ा।
भाजपा विधायक रुद्रनील घोष ने कहा कि मेसी जैसे महान लोग अच्छे काम में हैट्रिक लगाते हैं और अरुप विश्वास जैसे पापी अपराध का हैट्रिक लगाते हैं। गौरतलब है कि मेसी कांड में पूछताछ के लिए अरुप विश्वास को पुलिस ने 3 बार नोटिस भेजा था। तीसरा नोटिस और कोर्ट के आदेश के बाद आखिरकार वह आज (18 जून) को थाना में पेश हुए।
बता दें, 13 दिसंबर 2025 को फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के GOAT इंडिया टूर की शुरुआत कोलकाता से हुई थी। मेसी के लिए युवाभारती स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें भारी अव्यवस्था सामने आयी थी। भारत में मेसी के लिए 4 शहरों में विशेष कार्यक्रम का आयोजन करने का काम शतद्रु दत्ता ने किया था।
कोलकाता में तत्कालीन खेल मंत्री अरुप विश्वास, मेसी के साथ किए अपने व्यवहार की वजह से उसी समय से सवालों के घेरे में आ गए थे। 4 मई को राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद शतद्रु दत्त ने मेसी कांड में अरुप विश्वास के खिलाफ विधाननगर दक्षिण थाना में शिकायत दर्ज करवायी।
Read Also | छह महीने बाद खुले एलायंस जूट मिल के गेट, 2500 परिवारों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
गौरतलब है कि इस अव्यवस्था की वजह से तृणमूल के शासनकाल में शतद्रु दत्ता को करीब 38 दिनों तक जेल की हवा भी खानी पड़ी थी। उन्होंने पूर्व मंत्री के खिलाफ करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार और अपने अधिकारों का दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया।
आज (18 जून) को जैसे ही मेसी कांड में 3 नोटिस मिलने के बाद अरुप विश्वास आखिरकार थाना में हाजिर हुए तो पहले भाजपा विधायक रुद्रनील घोष और बाद में सजल घोष ने भी उनपर कटाक्ष किया। सजल घोष ने कहा कि बंगाल का वह हर व्यक्ति जो राजनीति नहीं करता है, रात जागकर फुटबॉल देखता है, सभी चाहते हैं कि अरुप विश्वास घर वापस न लौटे।
वह जेल जाएं। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि मेसी ने अपने मौसेरे भाई (अरुप विश्वास) को शुभकामनाएं भी भेजी है। मेसी ने कहा है कि तुमने उस दिन मुझे इतनी गुदगुदी की थी, तभी मैं 3 गोल कर पाया। हैट्रिक कर पाया।
बता दें, 13 दिसंबर 2025 को जब मेसी युवाभारती स्टेडियम में पहुंचे तब आरोप लगाया गया कि अरुप विश्वास लगातार मेसी के बहुत करीब थे। कई बार तो उनकी कमर पकड़ कर एक प्रकार से उनसे लिपटे होने का आरोप भी तत्कालीन मंत्री पर लगाया गया। इसी घटना में अरुप विश्वास के खिलाफ शतद्रु दत्त ने मामला दायर किया है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार (18 जून) की सुबह करीब 9.55 बजे अरुप विश्वास विधाननगर दक्षिण थाना में पहुंचे। लगभग 3 घंटे से कुछ अधिक समय तक उनसे पूछताछ हुई और दोपहर में लगभग 1.15 बजे अरुप विश्वास थाना से बाहर निकल गए।