🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पुणे में ढोंगी बाबा गिरफ्तार, यौन शोषण और ठगी के गंभीर आरोप

काले जादू और अंधविश्वास के नाम पर शोषण का खुलासा, आश्रम पर छापा

By प्रियंका महतो

Jun 18, 2026 18:43 IST

पुणे : महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक कथित आध्यात्मिक गुरु और उसके सहयोगियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुणे पुलिस क्राइम ब्रांच यूनिट ने 59 वर्षीय स्वयंभू धर्मगुरु राधामोहन मिश्रा और उसके सात सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। इन पर एक महिला के साथ वर्षों तक यौन शोषण, मानसिक उत्पीड़न और आर्थिक ठगी जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई वाघोली के उबाले नगर क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी एक आश्रम के रूप में गतिविधियां चला रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, नकदी और कीमती सामान भी बरामद किया है। पुणे शहर की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) अश्विनी सातपुते ने जानकारी दी कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर छापेमारी की गई और सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

शिकायत के अनुसार पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2001 से 2026 के बीच आरोपी राधामोहन मिश्रा ने खुद को दिव्य और अलौकिक शक्तियों वाला बताकर उसके परिवार को अपने प्रभाव में लिया। इस दौरान उसने परिवार को मानसिक और आर्थिक रूप से गुमराह किया और लगातार ठगी करता रहा।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि इस दौरान आरोपी ने उसका कई बार यौन शोषण किया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।पुलिस ने बताया कि आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ खराड़ी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही महाराष्ट्र प्रिवेंशन एंड एराडिकेशन ऑफ ह्यूमन सैक्रिफाइस एंड अदर इनह्यूमन, एविल एंड अघोरी प्रैक्टिसेस एंड ब्लैक मैजिक एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लोगों को डर, अंधविश्वास और काले जादू के दावों के जरिए प्रभावित करते थे और उनसे पैसे ऐंठते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 8 लैपटॉप, 9 मोबाइल फोन, 19 हार्ड डिस्क, 20 कैसेट, 10 डीवीडी, 1 डीवीआर मशीन, 2 सीपीयू यूनिट और 23 पेन ड्राइव जब्त किए हैं।

इसके अलावा ₹6.60 लाख नकद और सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग ₹25.77 लाख आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है— राधा मोहन मिश्रा (59), स्वामी कमल नयन (58), कीर्ति हंसराज आहूजा (38), कनिका हंसराज आहूजा (34), खुशबू गजेंद्र हुडिया (37), श्वेता अवध बिहारी मिश्रा (37), अमृता अवध बिहारी मिश्रा (32) और श्वेता संजय पांडे (28)।

पुलिस ने बताया कि आश्रम से जुड़े कई अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और यह जांच की जा रही है कि कहीं और भी लोग इसी तरह के शोषण या धोखाधड़ी के शिकार तो नहीं हुए।

Articles you may like: