कोलकाताः शहर के प्रतिष्ठित आईसीसीआर सभागार में ‘सनातनी योद्धा सम्मान’ समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने सनातन संस्कृति, सामाजिक जागरूकता और संगठनात्मक एकता का संदेश दिया।
समारोह का शुभारंभ स्वामी विशोखानंद महाराज, सांसद राहुल सिन्हा, इस्कॉन के वाइस प्रेसिडेंट राधारमण दास तथा आयोजन समिति के प्रमुख डॉ. अशोक पोद्दार द्वारा भगवान जगन्नाथ को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद सम्मान समारोह की औपचारिक शुरुआत हुई।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा, पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती, विधायक विजय ओझा, विधायक दिलीप सिंह, विधायक पापिया अधिकारी, भाजपा नेता राकेश सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राजनीतिक नेत्री प्रियंका टिबड़ेवाल, डॉ. शतरूपा तथा बीर बहादुर सिंह सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
‘सनातनी योद्धा सम्मान’ से सम्मानित होने वालों में कृष्ण कुमार सिंहानिया, डॉ. पारस कोचर, राजा जैन, प्रख्यात मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. आशीष मित्रा, प्रेम मिलन के चन्द्रकांत सराफ, डॉ. पी.के. हाजरा, डॉ. पीयूष द्विवेदी, अरुण सराफ, हरेंद्र दूबे, सिद्धार्थ पाण्डेय, विनीत जैन, डॉ. इन्द्रजीत तिवारी, मृगांक अग्रहरी, सीमा भावसिंहका और सीए रतन अग्रवाल प्रमुख रहे।
इसके अतिरिक्त अवध श्याम परिवार, श्याम चरण कांकुरगाछी तथा एसेन्स फाउंडेशन जैसी संस्थाओं को भी उनके सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में आयोजक डॉ. अशोक पोद्दार ने सनातन समाज से एकजुट होकर अपनी सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास करने का आह्वान किया। वहीं कार्यक्रम के संयोजक विवेक शुक्ला ने सभी अतिथियों, सम्मानित व्यक्तियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए सम्मान प्राप्त करने वाले सभी योद्धाओं को शुभकामनाएं दीं।
समारोह में रामकृष्ण मिशन, भारत सेवाश्रम संघ और इस्कॉन से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ कोलकाता के अनेक गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता के बीच आयोजित यह कार्यक्रम शहर में सनातन समाज के सम्मान और योगदान को समर्पित सबसे महत्वपूर्ण आयोजनों में से एक माना गया, जहां सनातन मूल्यों के संरक्षण और समाजहित में कार्य करने वालों को सार्वजनिक रूप से अभिनंदित किया गया।