कोलकाताः पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा (WBJEE) 2026 के परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिए गए। वेस्ट बंगाल जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन बोर्ड ने दोपहर 1:30 बजे आधिकारिक रूप से नतीजों की घोषणा की। इसके साथ ही परीक्षा में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की सूची भी सार्वजनिक कर दी गई।
बोर्ड के अनुसार, अभ्यर्थी शाम 4 बजे से अपना रैंक कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों https://wbjeeb.nic.in/ और https://wbjeeb.in/ पर लॉग इन करना होगा।
इस वर्ष परीक्षा में कुल 1,20,856 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। हालांकि, सभी पंजीकृत उम्मीदवार परीक्षा में शामिल नहीं हुए। परीक्षा में कुल 94,901 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 67,378 पुरुष, 27,521 महिला और 2 थर्ड जेंडर अभ्यर्थी शामिल थे।
परिणाम के अनुसार, कुल 92,753 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इनमें 66,383 पुरुष और 26,368 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।
सफल अभ्यर्थियों में 73,665 छात्र-छात्राएं पश्चिम बंगाल के निवासी हैं, जबकि 19,088 उम्मीदवार अन्य राज्यों से हैं। इस बार संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन पश्चिम बंगाल के अलावा त्रिपुरा और असम में भी किया गया था।
मेरिट सूची में कोटा स्थित नालंदा एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र शाश्वत बंदोपाध्याय ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर जोका के विवेकानंद मिशन स्कूल के सौरिध मंडल और तीसरे स्थान पर दुर्गापुर के पूर्बा इंटरनेशनल स्कूल के उमंग भूत रहे।
WB JOINT 2026 EXAM RANK LIST
1st- शाश्वत बंद्योपाध्याय, नालंदा एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कोटा
2nd- सौरिध मंडल, विवेकानंद मिशन स्कूल, जोका
3rd- उमंग भूत, पूर्ब इंटरनेशनल स्कूल, दुर्गापुर
4th- राहुल कोनार, दिल्ली पब्लिक स्कूल, न्यूटाउन
5th- सरबान भट्टाचार्य, गार्डन हाई स्कूल, मोहनपुर
6th- आर्हा भट्टाचार्य, चंद्रकोना जिराट हाई स्कूल
7th- सृजन सुर, साउथ पॉइंट हाई स्कूल
8th- मनीष सेनापति, मेदिनीपुर कॉलेजिएट स्कूल
9th- सब्यसाची लस्कर, BDM इंटरनेशनल
10th- देबजीत पाल, साउथ पॉइंट हाई स्कूल
परिणाम घोषित होने के साथ ही अब सफल अभ्यर्थियों की नजर आगामी काउंसलिंग प्रक्रिया और इंजीनियरिंग तथा तकनीकी संस्थानों में प्रवेश पर टिकी हुई है।