हावड़ा : पर्यावरण की रक्षा करना इस समय की सिर्फ मांग ही नहीं बल्कि हमारी सबसे बड़ी जरूरत भी है। इसी बात का संदेश देते हुए, पर्यावरण संरक्षण और धरती को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ सोमवार (16 जून) को शिवपुर भवानी बालिका विद्यालय (प्राइमरी सेक्शन) में एक विशेष पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया।
यह सराहनीय पहल पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित संस्था 'हरियाली साथी' की ओर से की गई। अभियान के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार और फलदार पौधे रोपे गए। इस मौके पर हरियाली साथी के चेयरमैन अजय प्रसाद, सचिव विनय कुमार प्रसाद, संयुक्त सचिव अमित कुमार जायसवाल और विकास चौरसिया सहित संस्था के अन्य सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
संस्था के सदस्यों ने बच्चों को पौधों की देखरेख करने की जिम्मेदारी सौंपते हुए पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधान शिक्षक प्रसेनजीत दासगुप्ता सहित सहायक शिक्षक सोमनाथ चक्रवर्ती, पिया दे, प्रियांगना दीर्घांगी, पियाली भौमिक, बेबी मुखोपाध्याय, सोनाली घटक (गुहा), सुर्जनाथ दास, श्रीमंत दास और अपराजिता बनर्जी ने सक्रिय भूमिका निभाई।
शिक्षकों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में बचपन से ही प्रकृति के प्रति प्रेम जगाना बेहद जरूरी है। इस दौरान छात्राओं ने भी बड़े उत्साह के साथ पौधरोपण में हाथ बंटाया और पर्यावरण की रक्षा करने का संकल्प लिया।