ब्रातिस्लावा:ब्रातिस्लावा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपनी स्लोवाकिया यात्रा पूरी की। उन्होंने इस दौरे को ऐतिहासिक और परिणामकारी बताते हुए कहा कि इससे भारत और स्लोवाकिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती मिलेगी।
विशेष अंदाज में हुई विदाई
यात्रा समाप्त होने पर स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको स्वयं प्रधानमंत्री मोदी को विदाई देने पहुंचे। इसे दोनों देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों का विशेष संकेत माना जा रहा है।
पीएम मोदी ने जताया आभार
सोशल मीडिया मंच X पर साझा संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाकिया सरकार और वहां के नागरिकों का गर्मजोशी भरे स्वागत और आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान हुई प्रगति दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करेगी तथा व्यापारिक सहयोग में वृद्धि से विशेष रूप से युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को लाभ मिलेगा।
सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित
दौरे के दौरान स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से सम्मानित किया। यह किसी विदेशी देश की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को मिला 33वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
शिक्षा, तकनीक और अनुसंधान में बढ़ेगा सहयोग
इस यात्रा में भारत और स्लोवाकिया के बीच शिक्षा, अनुसंधान, प्रतिभा आदान-प्रदान, तकनीक और अन्य क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। ये समझौते उच्च शिक्षा, सांस्कृतिक सहयोग, संस्थागत साझेदारी और पेशेवर अवसरों को बढ़ावा देने पर केंद्रित हैं।
श्रम प्रवासन पर हुआ अहम समझौता
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद जारी संयुक्त बयान में दोनों देशों ने श्रम प्रवासन (लेबर माइग्रेशन) के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। इसके लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए, जिसका उद्देश्य श्रमिकों की सुरक्षित, व्यवस्थित और वैध आवाजाही सुनिश्चित करना तथा संबंधित नियामक संस्थाओं के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान को बेहतर बनाना है।
आर्थिक सहयोग को मिलेगी नई गति
दोनों देशों ने आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने के लिए भारत-स्लोवाकिया संयुक्त आर्थिक समिति (JEC) की भूमिका को और मजबूत करने का भी निर्णय लिया। यह समिति उन क्षेत्रों की पहचान करेगी जहां व्यापार और निवेश की संभावनाएं अधिक हैं।
ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र पर फोकस
संयुक्त बयान के अनुसार दोनों नेताओं ने ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत विनिर्माण (एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग) जैसे क्षेत्रों में व्यापार और निवेश सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
व्यापार और निवेश बढ़ाने पर सहमति
भारत और स्लोवाकिया ने द्विपक्षीय व्यापार तथा दो-तरफा निवेश को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाने की संभावनाओं पर भी सहमति व्यक्त की। इसके लिए स्लोवाकिया की विकसित औद्योगिक क्षमता और भारत के बड़े बाजार, नवाचार तंत्र तथा तकनीकी दक्षता का लाभ उठाने की योजना बनाई गई है।
अब G7 शिखर सम्मेलन पर नजर
स्लोवाकिया दौरा समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी अब जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फ्रांस रवाना हो गए हैं।