विदिशा/रायसेनः केंद्रीय कृषि मंत्री और विदिशा लोकसभा क्षेत्र के सांसद शिवराज सिंह चौहान ने युवाओं के लिए चलाई जा रही ‘मामा कोचिंग क्लास’ योजना के विस्तार की घोषणा की है। यह पहल अब विदिशा के बाद रायसेन जिले में भी शुरू की जाएगी, जिसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
इस योजना के तहत युवाओं को केवल कोचिंग ही नहीं, बल्कि करियर काउंसलिंग, स्वरोजगार के अवसर, बैंकिंग सहायता और रोजगार से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह योजना ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के युवाओं तक पहुंचाई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ ले सकें। उन्होंने अपने दौरे के दौरान सिलवानी और गैरतगंज में जनकल्याण शिविरों में भाग लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता वितरित की।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घरों का निरीक्षण किया और लाभार्थी परिवारों से मुलाकात भी की। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से विकसित और आत्मनिर्भर बन रहा है तथा सरकार का लक्ष्य हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है। इसके साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।