🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

ब्रिटेन में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन की तैयारी

ऑनलाइन गेमिंग और लाइवस्ट्रीमिंग पर भी सख्ती, ब्रिटेन सरकार ला रही नया कानून

लंदन : ब्रिटेन में 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सोमवार सुबह एक बयान जारी करते हुए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टारमर ने इसकी पुष्टि की। इसके साथ ही ऑनलाइन गेमिंग और लाइवस्ट्रीमिंग सेवाओं पर भी कई तरह के प्रतिबंध लागू किए जाने की बात कही गई है।

हालांकि किन-किन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह प्रतिबंध लागू होगा इस पर प्रधानमंत्री ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। सरकार का लक्ष्य है कि यह प्रतिबंध अगले वर्ष की शुरुआत से लागू किया जाए।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टारमर ने यह भी स्वीकार किया कि इस नीति को लागू करना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा, “यह काम बहुत आसान नहीं होगा, लेकिन मैं जानता हूँ कि यही सही कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि दुनिया की कई बड़ी सोशल मीडिया कंपनियाँ इस निर्णय का विरोध कर सकती है लेकिन सरकार इन सभी चुनौतियों के बावजूद 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लागू करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

उनका कहना था कि देश के बच्चों के भविष्य और उनकी खुशी के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री किएर स्टारमर ने आगे कहा हम अपने देश के बच्चों के भविष्य को कैसे सुरक्षित रखें, यह इस समय की सबसे बड़ी चुनौती है। अब हमें यह तय करना होगा कि हम किसके पक्ष में है—अपने देश के लोगों के या उस व्यवस्था के जो वास्तव में कमजोर है।

ब्रिटेन इस तरह का कदम उठाने वाला पहला देश नहीं है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, इंडोनेशिया और ब्राजील जैसे देश भी सोशल मीडिया से संबंधित सख्त नियम लागू कर चुके हैं। आने वाले समय में फ्रांस, स्पेन, डेनमार्क और दक्षिण कोरिया भी इसी दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। प्रधानमंत्री किएर स्टारमर ने जानकारी दी है कि सरकार का लक्ष्य है कि यह विधेयक क्रिसमस से पहले संसद से पारित कराया जाए ताकि इसे जल्द से जल्द लागू किया जा सके।

Articles you may like: