🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

Noida International Airport: 170 किसानों ने भरी पहली उड़ान, शुरू हुआ कमर्शियल संचालन

एशिया के बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल होने की ओर जेवर एयरपोर्ट, चार गंतव्यों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू। 1.2 करोड़ यात्रियों की शुरुआती क्षमता के साथ शुरू हुआ संचालन।

By डॉ. अभिज्ञात

Jun 15, 2026 14:45 IST

नोएडा: जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को पहली वाणिज्यिक उड़ान लखनऊ के लिए रवाना हुई। इस ऐतिहासिक अवसर पर जेवर क्षेत्र के किसान भी विमान में सवार हुए, जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी भूमि उपलब्ध कराई थी।

जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर इस पहल को किसानों के सम्मान और क्षेत्र के विकास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि किसानों का लखनऊ पहुंचना केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि बदलते उत्तर प्रदेश और ग्रामीण समाज की नई आकांक्षाओं का प्रतीक है।

नई शुरुआत के साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नियमित वाणिज्यिक उड़ान सेवाओं का संचालन भी शुरू हो गया। लखनऊ जा रहे किसानों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुलाकात करेगा। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विधायक धीरेंद्र सिंह कर रहे हैं।

इससे पहले केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने पहली उड़ान से यात्रा करने वाले किसानों और उनके परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने एयरपोर्ट निर्माण में किसानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी भूमि के सहयोग से यह क्षेत्र देश के प्रमुख विमानन केंद्रों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

राम मोहन नायडू ने कहा कि जिन किसानों ने एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि दी, उन्हें पहली उड़ान से लखनऊ भेजा गया है, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट भविष्य में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा पूरा विकसित होने के बाद एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में शामिल हो सकता है।

एयरपोर्ट की विस्तार योजना का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि शुरुआत में इसकी वार्षिक यात्री क्षमता 1.2 करोड़ होगी। मांग बढ़ने पर टर्मिनल का विस्तार किया जाएगा और चौथे चरण तक इसे बढ़ाकर 7 करोड़ यात्रियों प्रति वर्ष तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान का संचालन एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में 170 किसानों के लिए विशेष व्यवस्था की गई, ताकि वे इस उद्घाटन उड़ान का हिस्सा बन सकें। उन्होंने यह भी बताया कि लखनऊ के अलावा बेंगलुरु समेत अन्य गंतव्यों के लिए भी उड़ान सेवाएं शुरू की जा रही हैं। लंबे इंतजार के बाद एयरपोर्ट से कुल चार गंतव्यों के लिए संचालन प्रारंभ हुआ है।

मंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट परिसर में लोगों के बीच उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव साफ दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार, भविष्य में यह हवाई अड्डा देश के शीर्ष पांच एयरपोर्ट्स में स्थान बनाने की क्षमता रखता है।

Articles you may like: