🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मानसून के प्रवेश करने के बावजूद दक्षिण बंगाल में बारिश नदारद, क्या अल-नीनो का है असर?

मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कुछ समय तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। अगले कुछ दिनों में दक्षिण बंगाल में बारिश की कोई संभावना नहीं है।

By Moumita Bhattacharya

Jun 15, 2026 11:27 IST

शुक्रवार (12 जून) को ही आधिकारिक तौर पर यह घोषणा कर दी गयी थी कि उत्तर बंगाल के बाद दक्षिण बंगाल में भी मानसून प्रवेश कर चुका है। लेकिन उसके बाद से ही बारिश न जाने कहीं छिप सी गयी है। न तो बारिश हो रही है और न ही आसमान में बादल नजर आ रहे हैं।

मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कुछ समय तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। अगले कुछ दिनों में दक्षिण बंगाल में बारिश की कोई संभावना नहीं है। वहीं उत्तर बंगाल में लगातार बारिश हो रही है। अगले कुछ दिनों में उत्तर बंगाल में वज्रपात के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना जतायी जा रही है।

कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि पूरे बंगाल में मानसून के प्रवेश करने के बावजूद उत्तर और दक्षिण हिस्सों में दो अलग प्रकार के मौसम का होना मौसम विशेषज्ञों की चिंताएं बढ़ा रहा है।

Read Also | बड़ा बाजार में अतिक्रमण हटाने का हाईकोर्ट का आदेश, अग्निकांड में क्षतिग्रस्त ए-वन हेरिटेज फायर टेम्पल के पुनर्निर्माण की तैयारी

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार (15 जून) को भी तापमान इसी के आसपास बने रहने की संभावना जतायी गयी है।

आसमान में हल्के बादल तो मौजूद रहेंगे लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। अपेक्षित आद्रता के अधिक होने की वजह से उमस भी बनी रहने की आशंका जतायी जा रही है।

क्या है अल-नीनो का असर?

मीडिया रिपोर्ट्स में मौसम विशेषज्ञों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि मानसून के मजबूत न बन पाने की वजह से बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं स्थल भाग में अंदर तक प्रवेश नहीं कर पा रही है। इस वजह से बारिश धीमी पड़ गयी है।

इसके साथ ही बताया जाता है कि प्रशांत महासागर में बने अल-नीनो की स्थिति के कारण भी नम मानसूनी हवाओं के मार्ग में बाधा पैदा हो रही है जिसकी वजह से पूर्वी भारत में खासतौर पर दक्षिण बंगाल में जून का महीना तुलनात्मक रूप से कम बारिश वाला होने की संभावना जतायी गयी है।

Read Also | बढ़ाया जा रहा है सियालदह-राणाघाट-सियालदह AC लोकल ट्रेन का ठहराव, कहां और कितने बजे रुकेगी यह ट्रेन?

हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि जैसे-जैसे बंगाल की खाड़ी में सिस्टम मजबूत होगा, आने वाले कुछ दिनों में उत्तर के साथ-साथ दक्षिण बंगाल में भी बारिश की गतिविधियां तेज होती जाएंगी। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया और दोनों बर्धमान में हल्की बारिश होने की संभावना जतायी गयी है।

लेकिन उत्तर बंगाल में मंगलवार (16 जून) को अलीपुरदुआर और जलपाईगुड़ी में वज्रपात के साथ भारी बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। इसके साथ ही दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, कुचबिहार, अलीपुरदुआर और जलपाईगुड़ी में भी 18 जून तक भारी बारिश होने की संभावना जतायी गयी है।

Articles you may like: