बर्मिंघम : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बर्मिंघम में खेले जा रहे इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले के साथ भारत ने अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत की।
एकदिवसीय विश्व चैंपियन भारत के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत ही अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ बड़े मुकाबले से हुई है। इस मैच में टॉस जीतना भारतीय टीम के लिए विशेष रहा, क्योंकि टीम ने लगातार आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में टॉस हारने के बाद पहली बार टॉस जीता है। इसके अलावा इंग्लैंड की धरती पर वर्ष 2022 के बाद से लगातार 12 टॉस हारने का सिलसिला भी समाप्त हुआ।
टॉस के दौरान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। मुझे लगता है कि यह बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी पिच है। इसलिए हमने सोचा कि पहले बल्लेबाजी करके बोर्ड पर एक अच्छा स्कोर खड़ा किया जाए।
विश्व कप जीतने से टीम को मिले आत्मविश्वास के बारे में पूछे जाने पर भारतीय कप्तान ने कहा कि हम सभी बेहद उत्साहित हैं। पिछले विश्व कप ने हमें काफी आत्मविश्वास दिया था और हम उसी आत्मविश्वास को इस विश्व कप में भी आगे लेकर जाना चाहते हैं। हमने कई क्षेत्रों में सुधार किया है। अब बात सिर्फ अच्छा क्रिकेट खेलने की है और हम उसके लिए पूरी तरह तैयार हैं।
टीम संयोजन पर उन्होंने बताया कि आज भारती टीम में खेल रही हैं। यास्तिका ने भी अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन आज हमने भारती फुलमाली के साथ जाने का फैसला किया है। हम तीन स्पिनर और दो मध्यम गति के गेंदबाजों के साथ उतर रहे हैं।
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने कहा कि यदि उनकी टीम टॉस जीतती तो वह भी पहले बल्लेबाजी का ही फैसला करती।
फातिमा सना ने कहा कि यह बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच लग रही है। हमारी टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। हमारे पास एक मजबूत और अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण है, इसलिए मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है। हमें बल्लेबाजी में और बेहतर होने की जरूरत है, लेकिन कुल मिलाकर टीम अच्छी स्थिति में है।
टीम चयन के बारे में उन्होंने बताया कि हम सायरा जाबीन को मौका दे रहे हैं। वह पहली बार विश्व कप में खेलेंगी।
भारत की प्लेइंग इलेवन
स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन
गुल फिरोजा, मुनीबा अली (विकेटकीपर), आयशा जफर, सायरा जाबीन, आलिया रियाज, नतालिया परवेज,फातिमा सना (कप्तान), रमीन शमीम, नशरा संधू, तास्मिया रुबाब, सादिया इकबाल
भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला महिला टी20 विश्व कप के सबसे चर्चित मैचों में से एक माना जा रहा है। दोनों टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा की उम्मीद की जा रही है, जबकि भारतीय टीम जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेगी।