🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

झारखंड में आकाशीय बिजली का कहर, 24 घंटे में 7 लोगों की मौत

रांची और गढ़वा में दो-दो मौतें, चतरा, गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां भी प्रभावित।

By प्रियंका महतो

Jun 14, 2026 18:35 IST

रांची : झारखंड के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक 10 वर्षीय बालक भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार राज्य में हुई इन घटनाओं में सबसे अधिक प्रभावित जिलों में रांची और गढ़वा शामिल हैं, जहां दो-दो लोगों की जान गई। इसके अलावा चतरा, गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां जिलों से भी आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने से कम से कम सात लोगों की मृत्यु हुई है।

रांची जिले में जान गंवाने वालों की पहचान बाधू गांव निवासी 55 वर्षीय जीतू महली और कटमकुली गांव निवासी 33 वर्षीय निराशो देवी के रूप में हुई है। पिठौरिया थाना के उपनिरीक्षक सत्यदेव प्रसाद ने बताया कि दोनों अपने-अपने खेतों में काम कर रहे थे, तभी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

गढ़वा जिले में भी दो लोगों की मौत हुई है। मृतकों में खरौंधी थाना क्षेत्र के सुंडी गांव की निवासी 30 वर्षीय रीना देवी और केतार थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव निवासी 65 वर्षीय राम अवतार पाल शामिल हैं। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों की मौत आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में हुई।

पुलिस और प्रशासन की ओर से अन्य प्रभावित जिलों में हुई मौतों और घटनाओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Articles you may like: