🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बिहार पुलिस परीक्षा से पहले पाटलिपुत्र स्टेशन पर पथराव और तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

ट्रेनों की देरी और भारी भीड़ के बीच भड़का विवाद

By डॉ. अभिज्ञात

Jun 14, 2026 14:03 IST

पटनाः पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर बिहार पुलिस मद्यनिषेध कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों की भारी भीड़ के बीच शनिवार देर रात हंगामा, पथराव और तोड़फोड़ की घटना हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। घटना के कारण कुछ समय तक रेल परिचालन प्रभावित रहा और स्टेशन परिसर में नुकसान हुआ।

विशेष ट्रेनों की मांग को लेकर बढ़ा तनाव

परीक्षा केंद्रों तक समय पर पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रात में ही स्टेशन पहुंच गए थे। ट्रेनों के विलंब और भीड़भाड़ के कारण यात्रियों में नाराजगी बढ़ने लगी। कुछ प्रदर्शनकारी ट्रैक पर उतर गए और अतिरिक्त विशेष ट्रेनों की मांग करने लगे। प्रशासन के अनुसार परीक्षार्थियों के लिए पहले से दो विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई थी, जबकि बाद में एक और विशेष ट्रेन उपलब्ध कराई गई।

पथराव, चेन पुलिंग और रेल सेवाओं में बाधा

प्रशासन का कहना है कि भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने बार-बार इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेनों को रोकने की कोशिश की और रेलवे संचालन में व्यवधान उत्पन्न किया। हालात तब और बिगड़ गए जब पथराव तथा तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। इस दौरान कई ट्रेनों और स्टेशन परिसर की संपत्ति को नुकसान पहुंचा, जबकि कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए।

पुलिस ने किया बल प्रयोग, आंसू गैस के गोले भी छोड़े

स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने पहले लोगों को समझाने का प्रयास किया। जब अवरोध और हंगामा जारी रहा तो भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। कुछ स्थानों पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए, जिसके बाद स्टेशन परिसर खाली कराया जा सका।

प्रत्यक्षदर्शी का दावा- दुकानों को भी पहुंचा नुकसान

स्टेशन के निकट दुकान संचालित करने वाले संजय कुमार शर्मा ने दावा किया कि उपद्रव के दौरान उनकी दुकान में भी तोड़फोड़ की गई और पत्थर फेंके गए। उनके अनुसार प्रदर्शन के दौरान हजारों लोग मौजूद थे और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था।

सामान्य हुई स्थिति, जांच में जुटी रेलवे पुलिस

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। परीक्षार्थियों के लिए निर्धारित ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं और रेल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य वीडियो रिकॉर्डिंग की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि हिंसा में किन लोगों की भूमिका थी और क्या इसके पीछे किसी संगठित समूह की संलिप्तता थी।

Articles you may like: