🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तमिलनाडु के मन्नारगुडी में भीषण सड़क हादसा: 3 छात्रों की मौत, एक घायल

स्कूल से लौट रहे बच्चों को कार ने कुचला, चालक गिरफ्तार

By प्रियंका महतो

Jun 12, 2026 14:14 IST

चेन्नई : तमिलनाडु के तिरुवरुर जिले के मन्नारगुडी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब स्कूल से घर लौट रहे छात्रों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक और घायल सभी छात्र कक्षा छह में पढ़ते थे। घटना गुरुवार की बताई जा रही है। स्कूल की छुट्टी के बाद सभी छात्र पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी काराकोट्टई सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास यह दुर्घटना हुई।

जानकारी के अनुसार, तंजावुर से मन्नारगुडी की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित हो गई और छात्रों को कुचलते हुए सड़क से जा टकराई। बताया जा रहा है कि कार का टायर फट जाने के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसी दौरान सड़क किनारे चल रहे छात्र उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार भी पलट गई। मौके पर ही तीन छात्रों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान योगेश्वरन, रचिथ और राजमुरली के रूप में हुई है। सभी की उम्र लगभग 12 वर्ष बताई गई है। इस हादसे में एक अन्य छात्र सिद्धार्थ गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद काराकोट्टई गांव के लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई और आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।

पुलिस ने कार चालक के. उलगनाथन को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय चालक नशे की हालत में था, जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई।

इस बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों तथा घायल के परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये तथा घायल के परिवार को पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने घायल छात्र के समुचित उपचार के निर्देश भी जारी किए हैं।

Articles you may like: