लखनऊः नीट पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में चल रहे छात्र आंदोलनों ने अब एक बार फिर गति पकड़ ली है। इसी क्रम में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को लखनऊ में होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का ऐलान किया है।
यह प्रदर्शन लखनऊ के इको गार्डन में आयोजित किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक कथित पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाएंगे।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली और पुणे में सफल शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के बाद अब आंदोलन को लखनऊ तक ले जाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यह लड़ाई सिर्फ एक परीक्षा की नहीं, बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ी है।
After two successful peaceful protests in Delhi and Pune, I am leaving for Lucknow.
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) June 11, 2026
Will join the students there tomorrow to demand resignation of Education Minister.
पुणे में पहले ही उन्होंने एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करते हुए एक “एग्जाम मैनिफेस्टो” पेश किया था, जिसमें पेपर लीक की स्थिति में छात्रों को मुआवजा देने जैसी मांगें शामिल थीं।
आंदोलन के केंद्र में शिक्षा व्यवस्था की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नीट, सीबीएसई और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं में गड़बड़ियों से लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं, लेकिन जिम्मेदारी तय नहीं की गई।
दीपके ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा नहीं दिया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा राष्ट्रीय स्तर का प्रदर्शन किया जाएगा। इस पूरे आंदोलन के संदर्भ में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार को यह तय करना होगा कि प्राथमिकता छात्रों के भविष्य को दी जाएगी या किसी मंत्री के पद को।