रांची : झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 के दूसरे दिन गुरुवार को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबलों में छोटा नागपुर रॉयल्स और रांची टाइटंस ने शानदार जीत दर्ज की। बारिश से प्रभावित पहले मैच में छोटा नागपुर रॉयल्स ने डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) नियम के तहत 10 विकेट से एकतरफा जीत हासिल की, जबकि दूसरे मुकाबले में रांची टाइटंस ने विशाल स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए 42 रन से जीत अपने नाम की।
बारिश से प्रभावित मैच में छोटा नागपुर रॉयल्स की शानदार जीत
दिन के पहले मुकाबले में बारिश ने खेल को प्रभावित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए धनबाद डायमंड्स ने 7 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 63 रन बनाए थे, तभी तेज बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा।
धनबाद की ओर से आर्यमान सेन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 31 रन बनाए। वहीं आदित्य सिंह ने 16 गेंदों में नाबाद 24 रन की उपयोगी पारी खेली। छोटा नागपुर रॉयल्स की ओर से ऋत्विक एम पाठक ने 12 रन देकर 1 विकेट हासिल किया, जबकि सुप्रियो चक्रवर्ती ने 16 रन देकर 1 बल्लेबाज को आउट किया।
बारिश के बाद डीएलएस नियम के अनुसार छोटा नागपुर रॉयल्स को 5 ओवर में 65 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम के सलामी बल्लेबाज विराट सिंह और एमडी नाजिम सिद्दीकी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया।
विराट सिंह ने 15 गेंदों में नाबाद 38 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि एमडी नाजिम सिद्दीकी ने 11 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने बिना कोई विकेट गंवाए सिर्फ 4.2 ओवर में 65 रन बनाकर टीम को 10 विकेट से शानदार जीत दिला दी। विराट सिंह को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
रांची टाइटंस ने बनाया विशाल स्कोर
दिन के दूसरे मुकाबले में रांची टाइटंस को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला और टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 227 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन और आर्यन हुड्डा ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.4 ओवर में 93 रन जोड़कर मजबूत नींव रखी। आर्यन हुड्डा ने केवल 16 गेंदों में 40 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
इसके बाद शिखर मोहन ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 48 गेंदों में 90 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। श्रेष्ठा ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 57 रन बनाए। कप्तान राजनदीप सिंह ने अंत में 12 गेंदों पर 21 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम का स्कोर और मजबूत कर दिया।
संथाल स्ट्राइकर्स की कोशिश नाकाम
228 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी संथाल स्ट्राइकर्स की शुरुआत अच्छी रही। विभोर पांडे ने 26 रन बनाए जबकि विवेक कुमार ने 10 रन का योगदान दिया। हालांकि टीम लगातार बढ़ती रनगति के दबाव को संभाल नहीं सकी।
मध्यक्रम के बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने के बाद सुमित कुमार और रवि कुमार यादव ने सातवें विकेट के लिए नाबाद 71 रन की साझेदारी कर मुकाबले को जीवित रखने का प्रयास किया। सुमित कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 67 रन बनाए, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। निर्धारित 20 ओवर में संथाल स्ट्राइकर्स 6 विकेट पर 185 रन ही बना सके और उन्हें 42 रन से हार का सामना करना पड़ा।