🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मैदान से पहले कमाई की जंग में रोनाल्डो नंबर-1, मेस्सी और एम्बाप्पे भी पीछे

2026 फीफा विश्वकप से पहले सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों की सूची जारी, नेमार टॉप-10 से बाहर 11वें स्थान पर।

मेक्सिकोः हर बार की तरह 2026 फीफा विश्वकप के आगाज से पहले फुटबॉल जगत के दिग्गज खिलाड़ी एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह मैदान पर प्रदर्शन नहीं बल्कि उनकी कमाई है। हालिया वित्तीय आकलन के अनुसार, पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो विश्वकप में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले फुटबॉलर बनकर उभरे हैं।

संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में होने वाला 2026 विश्वकप कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है। पहली बार 48 टीमें इस टूर्नामेंट में भाग लेंगी। इसके साथ ही यह ऐसा विश्वकप होगा जिसमें कई अरबपति फुटबॉलर भी मैदान पर उतरेंगे।

रोनाल्डो बने कमाई के बादशाह

कमाई के मामले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो सबसे आगे हैं। पिछले 12 महीनों में उनकी कुल आय लगभग 30 करोड़ डॉलर आंकी गई है। इसमें 23.5 करोड़ डॉलर की कमाई मैदान पर खेलने से हुई, जबकि 6.5 करोड़ डॉलर विज्ञापन, प्रायोजन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से प्राप्त हुए। 41 वर्षीय अल नासर स्टार इस समय दुनिया के सबसे अधिक वेतन पाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। करोड़ों प्रशंसकों के चहेते रोनाल्डो अपने करियर में पहली बार विश्वकप ट्रॉफी जीतने के लक्ष्य के साथ छठे विश्वकप में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।

मेस्सी दूसरे स्थान पर, रिकॉर्ड की ओर नजर

सूची में दूसरा स्थान अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेस्सी के नाम रहा। उनकी वार्षिक आय करीब 14 करोड़ डॉलर बताई गई है। इंटर मियामी के स्टार खिलाड़ी ने मैदान और मैदान के बाहर होने वाले व्यावसायिक समझौतों से लगभग समान रूप से कमाई की है। उनकी कुल संपत्ति 1.1 अरब डॉलर से अधिक बताई जा रही है। मेस्सी भी अपने करियर का छठा विश्वकप खेलने जा रहे हैं और मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना की अगुवाई करेंगे। उनके सामने विश्वकप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम करने का भी अवसर है। इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए उन्हें केवल चार और गोल की जरूरत है।

एमबाप्पे और हालैंड भी टॉप फाइव में

फ्रांस के स्टार फॉरवर्ड किलियन एम्बाप्पे 9.5 करोड़ डॉलर की आय के साथ तीसरे स्थान पर हैं। रियल मैड्रिड से जुड़ने के बाद उनकी व्यावसायिक लोकप्रियता और ब्रांड वैल्यू में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

चौथे स्थान पर नॉर्वे के स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड हैं। मैनचेस्टर सिटी के साथ नए अनुबंध के बाद उनकी अनुमानित आय करीब 8 करोड़ डॉलर पहुंच गई है।

ब्राजील के युवा स्टार विनीसियस जूनियर लगभग 6 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ शीर्ष पांच खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं।

नेमार 11वें स्थान पर, करियर के आखिरी पड़ाव में

ब्राजील के अनुभवी खिलाड़ी नेमार जूनियर भी इस सूची में मौजूद हैं, हालांकि वह शीर्ष दस में जगह नहीं बना सके। लंबे समय तक चोट से जूझने के कारण उनकी आय प्रभावित हुई है। उनकी वार्षिक कमाई करीब 3.8 करोड़ डॉलर बताई गई है और वह सूची में 11वें स्थान पर हैं। आगामी विश्वकप को उनके करियर का आखिरी विश्वकप माना जा रहा है।

Articles you may like: