🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

गुरबाज की रिकॉर्ड सेंचुरी भी बेअसर, गेंदबाजों के कहर और गिल-राहुल की साझेदारी ने पलटा मैच

25 ओवर के बारिश प्रभावित मैच में भारत ने 13 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल किया, अफगानिस्तान 194 पर ऑलआउट।

By श्वेता सिंह

Jun 14, 2026 01:32 IST

धर्मशालाः बारिश से प्रभावित पहले वनडे मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। बारिश की वजह से विलंब से मैच शुरू होेने के बाद मुकाबला 25-25 ओवर का कर दिया गया और भारत ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम ने 194 रन बनाए और पूरी टीम ऑलआउट हो गई। शुरुआती झटकों के बाद सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 51 गेंदों पर 102 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 48 गेंदों में शतक पूरा कर वनडे क्रिकेट में अफगानिस्तान के लिए सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया।

हालांकि गुरबाज के आउट होने के बाद अफगानिस्तान की पारी तेजी से बिखर गई। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए नियमित अंतराल पर विकेट लिए। डेब्यू कर रहे हरष दुबे और गुरनूर बरार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह और नितीश रेड्डी ने भी अहम सफलताएं हासिल कीं।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत मिली-जुली रही। रोहित शर्मा रन आउट होकर 16 रन पर आउट हो गए, जबकि विराट कोहली चोट के कारण इस मैच का हिस्सा नहीं थे। ईशान किशन ने तेज शुरुआत की लेकिन 34 रन पर आउट हो गए। श्रेयस अय्यर भी 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार पारी खेली। उन्होंने 37 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 66 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। केएल राहुल ने भी तेज 39 रनों की उपयोगी पारी खेलकर उनका साथ दिया।

भारत ने 22.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम किया। शुभमन गिल को उनकी बेहतरीन कप्तानी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Articles you may like: