🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

झारखंड टी-20 लीग में रोमांच का तड़का, कोयलांचल सुपर किंग्स और जमशेदपुर स्टीलर्स ने मारी बाजी

रवि शर्मा हुए प्लेयर ऑफ द मैच, रवि शर्मा और प्रतीक रंजन ने स्टीलर्स को दिलाई रोमांचक जीत।

By शिखा सिंह

Jun 13, 2026 17:14 IST

रांची : झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग के तीसरे दिन जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबलों में कोयलांचल सुपर किंग्स और जमशेदपुर स्टीलर्स ने कड़े संघर्ष के बाद जीत दर्ज की। कोयलांचल सुपर किंग्स ने छोटानागपुर रॉयल्स को पांच विकेट से हराया, जबकि जमशेदपुर स्टीलर्स ने धनबाद डायमंड्स को सात रन से मात देकर रोमांचक जीत हासिल की।

कोयलांचल सुपर किंग्स की पांच विकेट से जीत

दिन के पहले मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स की टीम 19.4 ओवर में 190 रन पर सिमट गई। टीम के लिए चंदन कुमार मुखी ने सबसे अधिक 49 रन बनाए। उन्हें सलामी बल्लेबाज एमडी नाजिम सिद्दीकी ने 41 रन और विराट सिंह ने 36 रन बनाकर अच्छा सहयोग दिया।

कोयलांचल सुपर किंग्स की ओर से शुभ शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3.4 ओवर में 43 रन देकर तीन विकेट हासिल किए और विपक्षी बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।

191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोयलांचल सुपर किंग्स की शुरुआत शानदार रही। उत्कर्ष सिंह और प्लेयर ऑफ द मैच शरनदीप सिंह भाटिया ने पहले विकेट के लिए 122 रन की दमदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

उत्कर्ष सिंह ने 53 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि शरनदीप सिंह भाटिया ने 79 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह अपनी टीम के पक्ष में कर दिया। अंत में शुभ शर्मा की तेजतर्रार पारी ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। कोयलांचल सुपर किंग्स ने 19.1 ओवर में 192 रन बनाकर पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम ने पांच गेंद शेष रहते जीत दर्ज की।

हालांकि छोटानागपुर रॉयल्स के गेंदबाज सुप्रियो चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 29 रन देकर पांच विकेट झटके। वह लीग में पांच विकेट लेने वाले केवल तीसरे गेंदबाज बने, लेकिन उनका यह बेहतरीन प्रदर्शन टीम को जीत नहीं दिला सका।

जमशेदपुर स्टीलर्स ने सात रन से जीता रोमांचक मुकाबला

दिन के दूसरे मैच में जमशेदपुर स्टीलर्स के बल्लेबाजों ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 202 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

आदर्श गिरी ने 41 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि कुमार देबोब्रत ने 24 रन का योगदान दिया। धनबाद डायमंड्स की ओर से शमशेद अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 39 रन देकर चार विकेट हासिल किए। अतुल सिंह सुरवार ने भी दो विकेट लेकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा।

203 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी धनबाद डायमंड्स ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। सलामी बल्लेबाज राम रौशन शरण और विकास कुमार विशाल ने पहले विकेट के लिए 118 रन की बेहतरीन साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

राम रौशन शरण ने 63 रन बनाए, जबकि विकास कुमार विशाल ने 58 रन की शानदार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी से एक समय धनबाद डायमंड्स जीत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही थी।

लेकिन अंतिम ओवरों में जमशेदपुर स्टीलर्स के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की और रन गति पर अंकुश लगा दिया। निर्धारित 20 ओवर में धनबाद डायमंड्स की टीम आठ विकेट पर 195 रन ही बना सकी और सात रन से मुकाबला हार गई।

जमशेदपुर स्टीलर्स की ओर से प्रतीक रंजन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर तीन विकेट झटके। उनकी किफायती गेंदबाजी ने मध्य ओवरों में मैच का रुख बदल दिया।

रवि शर्मा ने भी गेंद और बल्ले दोनों से महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने तीन ओवर में 24 रन देकर दो विकेट लिए और बल्लेबाजी में नाबाद 30 रन बनाए। उनके इस हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इस तरह झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग के तीसरे दिन दोनों मुकाबलों में दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला, जहां कोयलांचल सुपर किंग्स और जमशेदपुर स्टीलर्स ने संघर्षपूर्ण जीत दर्ज कर अंक तालिका में महत्वपूर्ण अंक हासिल किए।

Articles you may like: