गर्मी की शाम को थोड़ी राहत और सुकून की तलाश में हर कोई छत पर ही भागता है। अगर आप भी ऐसा करते हैं तो अंधेरा होने के बाद आसमान पर अपने नजरें जरूर गड़ाएं। क्यों? क्योंकि आज आकाश में आपको कुछ ऐसा दिखेगा जिसे देखकर आप दंग ही रह जाएंगे।
आज आसमान में तीन सबसे बड़े और चमकदार ग्रह बुध, शुक्र और बृहस्पति एक सीधी कतार में आ जाएंगे। इस एस्ट्रोनॉमिकल इवेंट को खगोलशास्त्रियों की भाषा में प्लैनेट परेड कहा जाता है।
आमतौर पर कहा जा रहा है कि 11 से 15 जून के बीच में आसमान में यह नजारा दिखाई देने वाला है लेकिन News 18 की मीडिया रिपोर्ट में स्पेस एजेंसी NASA के मुताबिक यह खास नजारा सिर्फ 4 दिन नहीं पूरे जून के महीने में दिखाई देगा।
आखिर क्या है यह प्लैनेट परेड?
सौर मंडल के तीन महत्वपूर्ण और सबसे चमकीले ग्रह बुध (Mercury), शुक्र (Venus) और बृहस्पति (Jupiter) एक सीध में यानी एक लाइन में नजर आने वाली है। इस प्लैनेट परेड में सबसे चमकीला ग्रह शुक्र होने वाला है जो सौर मंडल के सबसे बड़े ग्रह बृहस्पति के पास ही नजर आने वाला है।
अमर उजाला की मीडिया रिपोर्ट की माने तो यह प्लैनेट परेड करीब 59 सालों बाद होने वाला है। खास बात यह है कि इस दुर्लभ प्लैनेट परेड को देखने के लिए किसी भी प्रकार की दूरबीन की जरूरत नहीं होगी।
कब दिखेगा नजारा?
हिंदुस्तान की मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि सूर्यास्त के लगभग आधे घंटे बाद आसमान में इन ग्रहों को देखना आसान हो जाएगा। शाम के वक्त तीनों ग्रह पश्चिम दिशा में एक सीध में नजर आने वाले हैं। हालांकि यह नजारा काफी हद तक आपके शहर के मौसम पर निर्भर करता है। अगर आसमान में बादल होंगे तो इस प्लैनेट परेड को देखने में थोड़ी मुश्किलें आ सकती हैं।
कहां से देख सकेंगे इसे?
शुक्र, बुध और बृहस्पति का दुर्लभ प्लैनेट परेड हो या फिर कोई भी अन्य खगोलीय घटना, इन्हें देखने के लिए हमेशा ऐसी जगहों का चुनाव करें जहां रोशनी कम हो। शहरों में लाइट ज्यादा होती है इसलिए आसमान भी स्पष्ट दिखाई नहीं देता है।
ऐसे में आप अपने छत या बराम्दे में कोई ऐसा कोना चुन सकते हैं जहां स्ट्रीट लाइट की रोशनी कम आती हो। वहीं गांवों में खुले मैदानों में आसमान स्पष्ट दिखाई देता है। इसलिए गांवों में घर की आंगन या छत जहां आसपास कोई बड़ी इमारत या पेड़ न हो, ऐसी जगह को चुना जा सकता है।
कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि आज आसमान में कुछ ऐसा नजारा दिखाई देगा जो अंतरिक्ष प्रेमियों से लेकर फोटोग्राफर्स तक के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होने वाला है।