🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

एलन मस्क की सफलता से सीखें निवेश के पाँच सुनहरे नियम

लंबी अवधि की योजना, जोखिम और पुनर्निवेश ने कैसे बनाई ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति।

By रजनीश प्रसाद

Jun 13, 2026 12:16 IST

नई दिल्ली : दुनिया के सबसे अमीर उद्यमियों में शामिल एलन मस्क ने 1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक की कुल संपत्ति का आंकड़ा पार कर नया इतिहास रचा है। कुछ वर्ष पहले तक यह उपलब्धि केवल कल्पना जैसी लगती थी लेकिन स्पेसएक्स के शेयरों में तेज उछाल के बाद ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक पहुंच गई है। उनकी दौलत का सबसे बड़ा आधार टेस्ला और स्पेसएक्स में उनकी हिस्सेदारी है।

हालांकि आम निवेशकों के लिए एलन मस्क की कहानी केवल अमीर बनने की नहीं, बल्कि दूरदर्शिता, धैर्य, जोखिम उठाने की क्षमता और सही निवेश रणनीति की मिसाल भी है। उनकी जीवन यात्रा से ऐसे कई सबक मिलते हैं, जिन्हें अपनाकर कोई भी व्यक्ति अपने वित्तीय भविष्य को मजबूत बना सकता है।

1. लंबी अवधि का लक्ष्य ही बड़ी संपत्ति बनाने की नींव है

साल 2008 एलन मस्क के करियर का सबसे कठिन दौर था। उस समय टेस्ला और स्पेसएक्स दोनों कंपनियां आर्थिक संकट से गुजर रही थीं और दिवालिया होने की स्थिति तक पहुंच गई थीं। नकदी की भारी कमी थी और कई लोग ऐसी परिस्थिति में हार मान लेते लेकिन मस्क ने अपने विजन पर भरोसा बनाए रखा। उनका विश्वास था कि एक दिन उनकी कंपनियां दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल होंगी और यही सोच उन्हें आगे बढ़ाती रही।

निवेश की दुनिया में भी यही सिद्धांत लागू होता है। बहुत से लोग कुछ महीनों या एक-दो साल में भारी मुनाफे की उम्मीद करते हैं जबकि इतिहास बताता है कि लगातार और लंबे समय तक किया गया निवेश ही मजबूत संपत्ति तैयार करता है।

सीख: किसी एक मल्टीबैगर शेयर की तलाश से ज्यादा महत्वपूर्ण लंबी अवधि तक नियमित निवेश की आदत विकसित करना है।

2. सोच-समझकर जोखिम उठाना सफलता की अहम कुंजी है

जब एलन मस्क ने इलेक्ट्रिक कारों के क्षेत्र में कदम रखा तो कई लोगों ने उनके फैसले पर सवाल उठाए। निजी रॉकेट कंपनी बनाने के दौरान भी उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा। आज टेस्ला दुनिया के प्रमुख इलेक्ट्रिक वाहन ब्रांडों में शामिल है जबकि स्पेसएक्स ने अंतरिक्ष उद्योग की तस्वीर बदल दी है।

हालांकि हर जोखिम लेना सही नहीं होता लेकिन अच्छी तैयारी और शोध के साथ लिया गया जोखिम जीवन में बड़े अवसर पैदा कर सकता है। भारत में आज भी कई लोग केवल बचत खाते या फिक्स्ड डिपॉजिट तक ही सीमित रहते हैं। सुरक्षा जरूरी है लेकिन अत्यधिक सतर्कता लंबे समय में बेहतर रिटर्न के अवसर कम कर सकती है।

सीख: किसी भी निवेश से पहले पूरी जानकारी लें और योजनाबद्ध तरीके से जोखिम उठाएं।

3. शेयर बाजार से दूरी बनाकर बड़ी संपत्ति बनाना आसान नहीं

अधिकांश लोग एलन मस्क को एक सफल कारोबारी के रूप में जानते हैं लेकिन उनकी संपत्ति का प्रमुख स्रोत उनकी कंपनियों के शेयर हैं। टेस्ला में उनकी हिस्सेदारी ने उनकी दौलत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। यानी कारोबार की सफलता के साथ-साथ उसकी मालिकाना हिस्सेदारी भी संपत्ति निर्माण का बड़ा कारण बनी।

हर व्यक्ति नई कंपनी शुरू नहीं कर सकता लेकिन शेयर बाजार में निवेश करके सफल कंपनियों का भागीदार जरूर बन सकता है। जो लोग सीधे शेयरों में निवेश नहीं करना चाहते, वे म्यूचुअल फंड, इंडेक्स फंड या ईटीएफ के माध्यम से भी निवेश की शुरुआत कर सकते हैं।

सीख: लंबे समय में संपत्ति बनाने के लिए शेयर बाजार में उचित भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है।

4. कमाई के साथ पुनर्निवेश भी उतना ही जरूरी है

साल 2002 में पेपाल की बिक्री के बाद एलन मस्क को लगभग 175 मिलियन डॉलर प्राप्त हुए। यह राशि कई लोगों के लिए जीवनभर के लिए पर्याप्त होती, लेकिन उन्होंने इसे खर्च करने के बजाय नए कारोबारों में निवेश किया। यही पुनर्निवेश आगे चलकर टेस्ला और स्पेसएक्स की मजबूत नींव बना।

अक्सर देखा जाता है कि आय बढ़ने के साथ लोगों का खर्च भी बढ़ जाता है। इसके विपरीत यदि अतिरिक्त आय, बोनस, डिविडेंड या वेतन वृद्धि का एक हिस्सा नियमित रूप से निवेश किया जाए तो चक्रवृद्धि ब्याज (कंपाउंडिंग) का लाभ लंबे समय में बड़ा धन बना सकता है।

सीख: केवल कमाई बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं बल्कि उस कमाई का सही तरीके से दोबारा निवेश करना भी जरूरी है।

5. जिस निवेश को समझते नहीं, उसमें पैसा लगाने से बचें

एलन मस्क ने कठिन समय में अपनी निजी संपत्ति भी टेस्ला और स्पेसएक्स में लगाई क्योंकि उन्हें अपने कारोबार की कार्यप्रणाली और भविष्य की संभावनाओं पर पूरा भरोसा था।

आज कई लोग सोशल मीडिया, व्हाट्सएप संदेशों या परिचितों की सलाह पर निवेश कर देते हैं, बिना यह समझे कि संबंधित कंपनी कैसे कमाई करती है, उसके जोखिम क्या हैं और भविष्य की संभावनाएं कैसी हैं। बाजार में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक है, लेकिन यदि निवेशक अपने निवेश को अच्छी तरह समझता है तो ऐसे समय में सही निर्णय लेना आसान हो जाता है।

सीख: किसी भी कंपनी, व्यवसाय या निवेश विकल्प में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जानकारी प्राप्त करें। जितनी बेहतर समझ होगी, गलत फैसलों की संभावना उतनी कम होगी।

निवेशकों के लिए क्या है सबसे बड़ा संदेश?

हर व्यक्ति का ट्रिलियनेयर बनना संभव नहीं है लेकिन एलन मस्क के जीवन से मिलने वाली ये पांच सीख किसी भी निवेशक को वित्तीय रूप से अधिक मजबूत बनने में मदद कर सकती हैं। लंबी अवधि की सोच, समझदारी से जोखिम उठाना, शेयर बाजार में भागीदारी, नियमित पुनर्निवेश और जानकारी के आधार पर फैसले लेना भविष्य में बेहतर आर्थिक स्थिति की मजबूत नींव रख सकते हैं।

Articles you may like: